आईपीएल में आखिरी बार दिखेगा RCB का यह दिग्गज? अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास पर भी ले सकते हैं फैसला

2011 में किंग्स इलेवन पंजाब में जाने से पहले कार्तिक ने 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल्स) के साथ आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। 2014 में दिल्ली वापस जाने से पहले उन्होंने 12.5 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर मुंबई इंडियंस के साथ दो सीजन (2012, 2013) बिताए। रॉयल चैलेंजर्स ने उन्हें 2015 में 10.5 करोड़ रुपये में साइन किया था और कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ चार सीजन (2018 से 2021) बिताने से पहले उन्होंने 2016 और 2017 में गुजरात लायंस के लिए खेला था।
कार्तिक ने आईपीएल 2022 में 16 मैचों में 55 की औसत और 183.33 की विस्फोटक स्ट्राइक-रेट से 330 रन बनाए थे। इसकी वजह से बैंगलोर की टीम प्लेऑफ में भी पहुंची थी। इसके बाद कार्तिक को ऑस्ट्रेलिया में आयोजित ICC T20 विश्व कप 2022 के लिए भारतीय टीम में जगह दी गई थी, लेकिन उस टूर्नामेंट में वह उम्मीद के मुताबिक चमक नहीं बिखेर सके थे, क्योंकि रोहित शर्मा की टीम चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद सेमीफाइनल से बाहर हो गई थी।
इसके बाद कार्तिक ने कमेंट्री में चमक बिखेरी। वह कई बड़े टूर्नामेंट्स में कमेंट्री कर चुके हैं। इनमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021 फाइनल और 2023 फाइनल शामिल है। इसके अलावा वनडे विश्व कप 2023 में भी वह कमेंट्री पैनल का हिस्सा रहे। तमिलनाडु के इस खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय करियर में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, उनका करियर एक विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में एमएस धोनी के साथ टकराव में रहा।
2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू के बाद उन्होंने 26 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 1025 रन बनाए हैं और 57 कैच और छह स्टंप किए हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2018 में खेला था। वनडे में उन्होंने 2004 और 2019 के बीच 94 मैचों में 1752 रन बनाए और 64 कैच और सात स्टंपिंग करने में सफल रहे। 2006 में टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने के बाद कार्तिक का भारत के लिए आखिरी मैच 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ था। उन्होंने 60 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 686 रन बनाए और 30 कैच और आठ स्टंप किए।