भोपाल में आज सीएम डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में 4000 मेगावॉट बिजली समझौते पर हस्ताक्षर होंगे, 60 हजार करोड़ निवेश की उम्मीद
भोपाल में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में 4000 मेगावॉट बिजली के पावर सप्लाई एग्रीमेंट (PSA) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी दी कि इससे प्रदेश में 60 हजार करोड़ रुपए का प्रत्यक्ष निवेश होगा और लगभग आठ हज़ार लोगों को रोज़गार मिलने की संभावना है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य मध्यप्रदेश में अगले दशक तक बिजली की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करना है। ऊर्जा मंत्री ने कहा है कि प्रदेश में वर्ष 2030-31 तक विद्युत की मांग लगभग 27,000 मेगावॉट तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में चार हजार मेगावॉट की बिजली क्षमता से राज्य की बढ़ती मांग की लगभग शत-प्रतिशत पूर्ति संभव हो सकेगी जिससे उद्योगों, कृषि और घरों को आवश्यक बिजली मिल सकेगी।
