Sat. Feb 7th, 2026

सिथौली की रेल स्प्रिंग फैक्ट्री में गैस रिसाव, 5 कर्मचारी झुलसे

ग्वालियर। ग्वालियर के सिथौली स्थित रेलवे स्प्रिंग फैक्ट्री में गुरूवार अपरान्ह गैस रिसाव से पांच कर्मचारियों की तबियत बिगड़ गई और वह मूर्छित हो गये। यह गैस रिसाव बायलर से हुआ और यह कर्मचारी वहीं काम कर रहे थे। गैस से बायलर क्षेत्र में हल्की आग भी भड़क गई थी। आग से इन कर्मचारियों के झुलसने की भी खबर है। आग को दमकल दस्ते की मदद से काबू में कर लिया गया। 
सिथौली स्थित रेलवे स्प्रिंग फैक्ट्री में गैस रिसाव की जानकारी लगते ही फैक्ट्री के अधिकारी व बचाव दल के सदस्य वहां पहुंचे और पहले गैस रिसाव रोकने की कार्रवाई कर तत्काल गैस से प्रभावित हुये पांचों कर्मचारियों को नजदीक के आईटीएम हास्पीटल में भर्ती कराया गया है। रेलवे स्प्रिंग फैक्ट्री में बॉयलर गैस रिसाव में कौशल श्रीवास्तव, योगेश कॉन्ट्रैक्ट एम्प्लॉई, शब्बीर कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी, हेमंत चैबे टेक-एमडब्ल्यू, अमर सिंह प्राइवेट एम्प्लॉई की तबियत झुलसने व गैस प्रभाव से प्रभावित हुई हैं। सभी को अर्द्धमूर्छित अवस्था में चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सक उनके उपचार में लगे हैं। डीआरएम अनिरूद्ध कुमार ने बताया कि रेल स्प्रिंग फैक्ट्री में एन्युअल मेंटीनेंस के दौरान यह हादसा हुआ। घायल हुये चार कर्मचारी मेसर्स ताईकिशा कान्ट्रेक्टर कंपनी व एक रेलवे सेवा से जुड़े हुये है और सभी का आईटीएम हास्पीटल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिये गये हैं। वहीं पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जांच में दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। स्प्रिंग फैक्ट्री के अधिकारी बायलर स्थल पर निगाह बनाये हुये है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *