इंदौर में अनमना मानसून:55 साल बाद जुलाई इतना गर्म, बारिश भी 11 साल में सबसे कम

इस बार गर्मी और मानसून दोनों रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। गर्मी के मौसम में गर्मी नदारद थी। तापमान 40 डिग्री से अधिक नहीं गया। अब मानसून शुरू हुआ है तो गर्मी असर दिखा रही है और मानसून नदारद है। मानसून आए एक माह बीत चुका, लेकिन महज 4.5 इंच पानी गिरा है।
जुलाई के पूरे महीने तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री कम रहता है, इस बार शुरुआती 16 में से छह दिन तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड हो रहा है। 55 साल पहले 12 जुलाई को तापमान 39.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। तब महीने में सात बार पारा 35 से 39 डिग्री के बीच रहा था।
इस बार भी तापमान औसत से 4 डिग्री ज्यादा होकर 36.2 डिग्री तक पहुंच गया है। पूरे शहर को तर करने वाला मानसून एक बार भी सक्रिय नहीं हुआ। पिछले 11 साल में इस बार सबसे कम बारिश हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि सोमवार के बाद मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद है।


…तो ठंड से ही होगी पानी की किल्लत
यशवंत सागर की जलभराव क्षमता 19 फीट है। इसमें 13 फीट पानी है। 34 फीट क्षमता वाले बड़े बिलावली में 20 फीट पानी है। इन तालाबों से सप्लाय के लिए हर दिन पानी लिया जा रहा है। ये नहीं भरे तो ठंड से ही किल्लत हो सकती है।
आर्द्रता अधिक लेकिन बारिश नहीं
4 दिन से वातावरण में आर्द्रता 70% बनी हुई है, लेकिन बारिश नहीं हो रही है। आर्द्रता का प्रतिशत 90 होने पर बारिश शुरू हो जाती है। इसी वजह से उमस परेशान कर रही है। विभाग 18 जुलाई से मानसून के फिर सक्रिय होने की बात कह रहा है।