रातों में घुलने लगी ठंडक, महसूस होने लगी गुलाबी सर्दी, रात को पंखों की स्पीड हुई कम
श्रीगंगानगर मौसम में आ रहे बदलाव का असर श्रीगंगानगर में साफ नजर आने लगा है। पिछले सात दिन में ही मिनिमम टेम्परेचर सात डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। इससे देर रात घरों में ठंडक महसूस होने लगी है वहीं चद्दर और कंबलों का उपयोग भी बढ़ गया है। इसके पीछे बड़ा कारण उत्तर भारत के राज्यों हिमाचल, जम्मू कश्मीर आदि में बढ़ी ठंडक को माना जा रहा है। मौसम में आए इस बदलाव से अल सुबह मौसम ठंडा रहने लगा है तथा उमस और गर्मी गायब गई है। मिनिमम टेम्परेचर में कमी के साथ मैक्सिमम टेम्परेचर भी घटा है। हालांकि इसमें कमी बहुत ज्यादा तेजी से नहीं आई है लेकिन फिर भी पिछले एक सप्ताह में यह करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है।
मौसम बदलाव के दौर में
मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि इन दिनों मौसम बदलाव के दौर में है। तापमान में कमी आना सामान्य है वहीं नॉर्थ के स्टेट जैसे हिमाचल और जम्मू कश्मीर में बढ़ रही ठंडक हमारे यहां असर डालती ही है। इसी के प्रभाव से इलाके के मौसम में बदलाव आने लगा है।
शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस
रात के तापमान में कमी का आलम यह है कि शुक्रवार रात तो यह 17.4 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच गया। इससे सात दिन पहले यानी दस अक्टूबर को यह 24.4 डिग्री सेल्सियस तक था। ऐसे में मौसम में आए बदलाव का असर दिखने लगा है। सुबह के समय पार्कों में टहलने वाले लोगों का पहनावा बदला है वहीं अल सुबह निकलने वाले सब्जी और दूध के विक्रेता ठंडी हवा से बचाव के तरीके अपनाने लगे हैं।
तिथि न्यूनतम तापमान
- 10 अक्टूबर- 24.4 डिग्री सेल्सियस
- 11 अक्टूबर – 23.2 डिग्री सेल्सियस
- 12 अक्टूबर – 23 डिग्री सेल्सियस
- 13 अक्टूबर – 22.3 डिग्री सेल्सियस
- 14 अक्टूबर – 20 डिग्री सेल्सियस
- 15 अक्टूबर – 18.7 डिग्री सेल्सियस
- 16 अक्टूबर – 17.4 डिग्री सेल्सियस