किसान महिलाओं पर हमला करने के विरोध में फूलबाग पर होगी किसान महापंचायत ,किसान दल समर्थन लेने किए रवाना
ग्वालियर। दो दिन पहले शांतिपूर्ण किसान आंदोलन पर हमला करने और महिलाओं से अभद्रता की घटना से किसान आक्रोशित हैं। इसी सिलसिले में 3 फरवरी को फूलबाग पर किसान महापंचायत बुलाई गई है। किसान महापंचायत में ज्यादा से ज्यादा किसानों को जोड़ने के लिए मंगलवार को किसानों के दल अलग-अलग क्षेत्रों के लिए रवाना हो गए हैं। इस किसान महापंचायत में आगे के किसान आंदोलन की रणनीति और माहौल को खराब कर आंदोलन का दमन करने की साजिश, जैसे अहम मुददों पर बात की जाएगी।
मंगलवार को किसानों का एक जत्था मुरार के ग्रामीण क्षेत्रों में गया है। जिसका नेतृत्व किसान नेता अलबेल सिंह राणा, अशोक पाठक एवं रामकिशन सिंह कुशवाह कर रहें है। वहीं मउ जमाहर सुसेरा सहित 15 गांव में समर्थन के लिए किसान नेता रामबाबू जाटव, उमराव तथा सीताराम परिहार गए हैं। इसके अलावा रायरू में पलविन्दर सिंह, शौकत खान एवं सिद्वेश्वर शर्मा के नेतृत्व में जत्था ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसम्पर्क किया। गिरवाई, अजयपुर, गोहदूपूरा, वीरपुर आदि क्षेत्र में नाहर सिंह कुशवाह, सुग्रीव सिंह कुशवाह, कल्लू लोधी आदि ने सम्पर्क किया। किसान नेता दिनेश सिंह ने भी पदमपुर खेरिया से लेकर जहागीरपुर तक का जनसंपर्क किया है। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में कृष्णा कुशवाह, विश्वजीत, रायसिंह एडवोकेट आदि ने जनसंपर्क की जिम्मेदारी संभाली है।
किसान आंदोलन के समर्थन में फूलबाग पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे किसानों पर 31 जनवरी की शाम कुछ असामाजिक तत्वों ने हाथ में तिरंगा लेकर हमला कर दिया था। यहां महिलाओं को पीटा गया था। उनके साथ छेड़छाड़ भी की गई थी। इस घटना से काफी आक्रोश है। मंगलवार को भी किसानों ने बिना डरे शांतिपूर्ण ढंग से अपना प्रदर्शन जारी रखा। हमले को देखते हुए पुलिस यहां तैनात कर दी गई है। इसीलिए बुधवार को फूलबाग पर किसान महापंचायत बुलाई गई है।
