चंपावत जिले में पहली बार होगी गन्ने की प्रायोगिक खेती
चंपावत। चंपावत जिले में पहली बार गन्ने की खेती होगी। पहाड़ और मैदान से मिलकर बने इस जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा में इस खेती को प्रयोग के तौर पर शुरू किया जाएगा। इसके लिए गन्ना विकास परिषद सर्वे कराने के साथ किसानों को प्रेरित करेगा। इस खेती के लिए चयनित किसानों को काशीपुर के गन्ना शोध संस्थान में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। गन्ना विकास परिषद गन्ने की खेती के वैज्ञानिक तरीकों और इससे होने वाले फायदों की जानकारी देकर चंपावत जिले के काश्तकारों को प्रेरित करेगा। परिषद ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बनबसा और टनकपुर को गन्ना बेल्ट बनाने का प्रस्ताव है। परिषद का कहना है कि इस काम में चंपावत जिले के कृषि, उद्यान, सहकारिता और अन्य संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर किया जाएगा, ताकि 2024 में चंपावत जिले में पहली बार गन्ने की खेती शुरू कराई जा सके।
