Sun. May 31st, 2026

फिर गिरे सोने के दाम, जानिए 17 अप्रैल 2026 का 10 ग्राम का ताजा भाव

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका युद्ध की स्थिति के बीच 17 अप्रैल 2026 को भारतीय सराफा बाजार में फिर उठा-पठक देखने को मिली है। शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई है वहीं चांदी भी 5000 रुपए नीचे लुढ़की है। आज भारतीय सराफा बाजार में 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम का भाव 154,350 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, 22 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत 141,500 रुपये दर्ज की गई है। चांदी के दाम 2.65 लाख पर ट्रेंड कर रहे हैं।

गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को सोने का भाव 1,55,720 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव 2,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। इस हफ्ते डॉलर की बदलती चाल और रुपए की मजबूती ने कीमतों पर दबाव बनाया है। यदि आगे भी डॉलर कमजोर हुआ और फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती या स्थिरता बनाए रखता है, तो कीमतों पर असर देखने को मिल सकता है। निवेशकों की नजरें भी अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर टिकी हैं। यदि ब्याज दरों में स्थिरता रहती है, तो आने वाले समय में बाजार को नई दिशा मिल सकती है।

इधर, सरकारी मंजूरी में देरी के कारण भारतीय बैंकों ने फिलहाल कीमती धातुओं के नए आयात पर रोक लगा दी है। जब तक पुराने ऑर्डर क्लियर नहीं होते, नए ऑर्डर जारी नहीं किए जा सकेंगे। इसका सीधा असर घरेलू आपूर्ति, भारत की अर्थव्यस्था और कीमतों पर पड़ सकता है। भू-राजनीतिक अस्थिरता के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बाजार की इस अनिश्चित स्थिति ने निवेश के नजरिए में असमंजस पैदा कर दिया है। हालांकि बाजार में ‘सुरक्षित निवेश’ के रूप में सोने की मांग कमजोर नही हुई है।

चर्चा तो ये भी है कि आने वाले दिनों में अमेरिका- ईरान के बीच होने वाली बातचीत बाजार को नई दिशा दे सकती है। इस उम्मीद से निवेशकों का भी भरोसा बढ़ा है।वहीं अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर भारत में अच्छी खासी खरीदारी की संभावना जताई जा रही है, जिससे घरेलू बाजार में सोने-चांदी को और  मजबूती मिल सकती है।  यदि वैश्विक तनाव के कारण कीमतें फिर से बढ़ती हैं, तो मिडिल क्लास परिवारों के लिए शादियों का बजट बिगड़ सकता है।

आपको बता दें कि भारत में सोने-चांदी के मानक भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी किए जाते हैं हालांकि इसमें जीएसटी, टीसीएस और मेकिंग चार्ज जैसे अन्य शुल्क शामिल नहीं होते। यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है इसे निवेश की सलाह ना मानें। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार या बाजार विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed