उधना-प्रयागराज ट्रेन अब अमृत भारत एक्सप्रेस
रेलवे ने ट्रेन संख्या 04126 और 04125 उधना-प्रयागराज स्पेशल को नियमित करने का फैसला लिया है। नियमित होने के बाद इसका नया ट्रेन नंबर 20438 और 20437 रहेगा। यह ट्रेन अब उधना-प्रयागराज साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलेगी।
ट्रेन संख्या 20438 उधना-प्रयागराज एक्सप्रेस की नियमित सेवा 25 अगस्त से शुरू होगी। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को उधना से शाम 6 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी। इसके बाद यह रतलाम पहुंचेगी, जहां मंगलवार को रात 12 बजकर 40 मिनट पर इसका आगमन होगा और 12 बजकर 50 मिनट पर ट्रेन आगे के लिए रवाना होगी।
प्रयागराज से उधना के लिए भी नियमित सेवा
प्रयागराज से उधना जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन उपलब्ध रहेगी। ट्रेन संख्या 20437 प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस 24 अगस्त से प्रत्येक सोमवार को प्रयागराज से शाम 5 बजकर 20 मिनट पर रवाना होगी।
यह ट्रेन सोमवार रात 9 बजकर 45 मिनट पर रतलाम पहुंचेगी और 9 बजकर 55 मिनट पर आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 4 बजकर 5 मिनट पर ट्रेन उधना पहुंचेगी।
उधना-प्रयागराज ट्रेन किन स्टेशनों पर रुकेगी
उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। रतलाम के अलावा ट्रेन का ठहराव वडोदरा, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टुंडला, इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर स्टेशनों पर रहेगा।
इस रूट की खास बात यह है कि ट्रेन पश्चिमी और मध्य भारत को उत्तर भारत के महत्वपूर्ण शहर प्रयागराज से जोड़ती है। इसलिए रास्ते में आने वाले कई शहरों के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
ट्रेन में स्लीपर और जनरल कोच
उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास के कोच रहेंगे। इससे सामान्य यात्रियों के साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को भी विकल्प मिलेगा। रतलाम मंडल की दो स्पेशल ट्रेनें अब चलेंगी नियमित, उधना-प्रयागराज और बांद्रा-बीकानेर यात्रियों को राहत