शक्कर की कमी के बीच योगी का बड़ा दावा, बोले- देश की 140 करोड़ जनता की जरुरत पूरी करने की सामर्थ्य रखता है उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज ‘मिशन रोजगार’ के अंतर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा कृषि विभाग के लिए नव चयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) (Technical Assistants Group-C) एवं मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किये। योगी ने नव चयनित शासकीय सेवकों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि जब हम योग्यतम अभ्यर्थियों का चयन बिना किसी भेदभाव के करते हैं तो उनकी प्रतिभा और ऊर्जा का लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है।
योगी ने कहा पिछले साढ़े 9 वर्षों में डबल इंजन सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में से एक है कि हमने इसअवधि में 9 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है इसमें सबसे खास बात ये है कि एक भी नियुक्ति पर कोई प्रश्न खड़ा नहीं कर सकता। हमने पहले दिन ही तय कर लिया था कि जो 2017 के पहले की परिपाटी थी कि नियुक्ति का विज्ञापन निकलता था फिर चाचा भतीजे की जोड़ी और उनका पूरा खानदान वसूली के लिए निकल पड़ता था अब ये नहीं होगा। उस दौर में युवाओं का समय और उम्र ख़राब होती थी, युवाओं की योग्यता पर सवाल खड़े होते थे। गलती उस समय की सरकार में बैठे सरकारी तंत्र पर कब्ज़ा जमाये बैठे नेताओं की होती थी और खामियाजा युवा को भुगतना पड़ता था।
