उमंग सिंघार ने बैगा आदिवासियों के पेयजल संकट पर MP सरकार को घेरा, कहा जमीन खोदकर पानी पीने को मजबूर”
मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंडला जिले के मवई विकासखंड में बैगा आदिवासी परिवारों को पेयजल की बुनियादी सुविधा नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बैगा आदिवासी समाज को राष्ट्रपति का दत्तक पुत्र कहा जाता है, लेकिन प्रदेश में इन परिवारों को पीने के लिए साफ पानी तक उपलब्ध नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि स्थिति ये है कि बैगा आदिवासियों को जमीन खोदकर पानी निकालना पड़ रहा है और उसी पानी से अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार आदिवासी समुदाय के संरक्षण, कल्याण और सम्मान के लिए अनेक योजनाएं चलाने का दावा करती है तो फिर बैगा परिवारों को स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा क्यों नहीं मिल पा रही है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा
उमंग सिंघार ने स्थानीय कहावत ‘बाघ मारो, बैगा मारो एक बराबर है’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही बैगा आदिवासियों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर कर रही है और उन्हें गंभीर स्वास्थ्य संकट की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का बुनियादी अधिकार है लेकिन आदिवासी बहुल क्षेत्रों में रहने वाले परिवार आज भी पानी जैसी अनिवार्य जरूरत के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह स्थिति आदिवासी क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करती है।
आदिवासियों की उपेक्षा का आरोप
कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए इस स्थिति को ‘विश्वगुरु भारत की असली तस्वीर’ बताया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार बैगा आदिवासियों के संरक्षण और सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। आदिवासी परिवार आज भी स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने सरकार के आदिवासी कल्याण और विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिर्फ योजनाओं की घोषणाओं और प्रचार से आदिवासी समुदाय की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि उन्हें धरातल पर असल सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।
