Mon. Apr 28th, 2025

भरभराकर गिरी दीवार, 14 साल के लड़के की मौत भोपाल में धूप से बचने के लिए खंडहर में बैठा था, तभी हुआ हादसा

भोपाल के बैरागढ़ के पीलूखेड़ी में गुरुवार दोपहर बड़ा तालाब किनारे 14 साल के लड़के पर दीवार गिर गई। इससे लड़के की मौत हो गई। वह धूप से बचने के लिए दीवार की ओट में बैठा था, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बैरागढ़ पुलिस ने बताया कि लालघाटी स्थित विजय नगर में रहने वाले सुभाष मेवाड़ा बकरी चराते हैं। उसके पास करीब 20 बकरियां हैं। गुरुवार को सुभाष की तबीयत खराब थी। इसके चलते उसका 14 साल का बेटा सुनील और उसका छोटा भाई आकाश बकरी चराने चला गया। दोनों पीलूखेड़ी इलाके में बकरी चरा रहे थे। धूप तेज होने के चलते दोनों छांव की तलाश में तालाब किनारे बने शेड की सीमेंट-कांक्रीट की दीवार के नजदीक पहुंचे।

यहां सुनील जब दीवार के किनारे छांव में बैठा। इसी दौरान उसके पांव के नीचे से जमीन धंसकने से पैर फंस गया। सुनील ने अपने छोटे भाई को बुलाया। आकाश ने तत्काल खेत में मवेशी चरा रहे दूसरे लोगों को बुलाया। सुनील को निकालने की कोशिशें शुरू की। साथ ही, पड़ोसी के घर फोन करके पिता सुभाष मेवाड़ा को भी घटना की सूचना दी।

जमीन से पैर निकलते ही भरभराकर गिरी दीवार

सूचना के बाद मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीम भी पहुंच गई। टीम ने सुनील को जैसे-तैसे बाहर निकाला, तभी भरभराकर दीवार सुनील के ऊपर गिर गई। आनन-फानन में गिरी दीवार का मलबा हटाया। उसे एम्बुलेंस की मदद से हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों से मृत घोषित कर दिया।

पांचवीं का स्टूडेंट था सुनील

सुनील के चाचा जितेंद्र मेवाड़ा ने बताया कि सुनील मेवाड़ा लालघाटी विजय नगर स्थित सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर रहा था। इसी साल चौथी की परीक्षा पास कर 5वीं में पहुंचा था। उन्होंने बताया कि सुनील का परिवार करीब 25 साल पहले सीहोर के दोराहा गांव से भोपाल शिफ्ट हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *