Sun. Jul 12th, 2026

दर्रों पर हुई बर्फबारी, कुल्लू में तीन घंटे तक भारी बारिश; हिमाचल में बिगड़ा मौसम का मिजाज

शिमला। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से रोहतांग, कुंजम, शिंकुला व बारालाचा दर्रों पर हल्की बर्फबारी हुई। सभी दर्रों में वाहनों की आवाजाही सुचारू रही। मनाली-लेह मार्ग पर बारालाचा दर्रे में अभी एकतरफा आवाजाही है कुल्लू घाटी में बुधवार दोपहर दो से शाम पांच बजे तक भारी बारिश हुई। पर्यटन स्थल मढ़ी व राहनीनाला में बर्फ के फाहे गिरे और निचले क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। राजधानी शिमला, सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा व चंबा में भी कई स्थानों पर बारिश हुई। हमीरपुर जिला के नेरी में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊना व बिलासपुर जिला में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में 15 स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। रोहतांग में बर्फ के फाहे गिरते देख पर्यटक झूम उठे। मनाली के पर्यटन स्थलों में बुधवार दोपहर बाद रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। पुलिस ने बर्फबारी देख पर्यटकों को वापस भेजना शुरू किया। दोपहर बाद मनाली में बारिश शुरू होने से जाम ने पर्यटकों व राहगीरों की दिक्कत बढा दी।  स्कूली बच्चे भी करीब दो घंटे जाम में फंसे रहे। रोहतांग से लौट रहे पर्यटकों को पलचान से मनाली तक 10 किलोमीटर लंबे जाम का सामना करना पड़ा। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पर्यटक वाहनों की आमद बढ़ने और भारी बारिश होने से जाम लग लगा। पुलिसकर्मी बारिश के बीच यातायात सुचारू करने में डटे रहे। इन दिनों मनाली के सभी होटल पैक हैं। शहर के होटलों में आक्यूपेंसी 100 प्रतिशत है और आसपास के पर्यटन स्थलों के होटलों में 80 प्रतिशत कमरे बुक हैं मौसम विभाग ने वीरवार और शुक्रवार को प्रदेश में तेज हवा के साथ बिजली गरजने का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चलेगी। निचले व मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *