पर्सनल लाइफ पर बोले टीवी एक्टर शालीन भनोट:मैं अभी सिंगल और खुश हूं; कभी दलजीत कौर ने लगाए थे घरेलू हिंसा के आरोप
एक्ट्रेस दलजीत कौर के एक्स-हस्बैंड शालीन भनोट ने कहा है कि वो सिंगल हैं। हाल ही में दिए इंटरव्यू में एक्टर ने अपने रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में बात की। दरअसल, पिछले कुछ समय से शालीन अपने रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। ‘बिग बॉस 16’ में शालीन का नाम टीना दत्ता के साथ जुड़ा था। वहीं, पिछले साल टीवी शो ‘बेकाबू’ की शूटिंग के वक्त, शालीन के अपनी को-एक्ट्रेस ईशा सिंह को डेट करने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, दोनों ने इसे महज अफवाह बताया था। शालीन कहते हैं, ‘सच्चाई यह है कि, पहले के मुकाबले मैं अब अपनी पर्सनल लाइफ में ज्यादा संतुष्ट महसूस करता हूं। मेरा एक पेट डॉग है जो मुझे कभी प्यार की कमी महसूस होने नहीं देता। अपने घर आने पर जिस तरह का वेलकम मुझे उससे मिलता है, वाकई में वह लाजवाब है। मैं अपने पेरेंट्स के साथ रहता हूं। ‘बिग बॉस’ के दौरान, मेरी मां शो में आई थीं जिसके बाद, लोग उन्हें भी पहचानने लगे हैं। वह जहां भी जाती है, लोग उन्हें शालीन की मां कहकर पुकारते है। शो के बाद, मेरे पेरेंट्स मुझ पर ज्यादा गर्व महसूस करते है। उनके चेहरे की खुशी देखकर लगता है मानो जैसे मैंने पूरी दुनिया जीत ली है। मैं इस फेज को एन्जॉय कर रहा हूं।’ रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में पूछा तो शालीन ने कहा, ‘मैं अभी सिंगल और खुश हूं। हां, यदि रोमानिया में ‘खतरों के खिलाड़ी’ की शूटिंग के दौरान कोई मिल जाए तो आगे देखेंगे।’ शालीन ने दलजीत कौर से साल 2009 में शादी की थी। कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में दरार आने लगी। दोनों के बीच काफी नोकझोंक होने लगी। साल 2013 में दलजीत ने शालीन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। एक्ट्रेस ने दहेज की मांग करने की भी शिकायत की थी। इसके बाद वह दोनों 2015 में तलाक लेकर अलग हो गए थे। उनका बेटा जेयडन दलजीत के पास रहता है। वहीं, दलजीत कौर ने मार्च 2023 में केन्या बेस्ड बिजनेसमैन से दूसरी शादी की थी। हालांकि, केन्या शिफ्ट होने के 8 महीने बाद ही दलजीत बेटे के साथ भारत लौट आई थीं।
