Sat. Jun 14th, 2025

पब से निकलता दिखा BMW से दंपती को रौंदने वाला एक्सीडेंट के पहले का फुटेज आया; पब मालिक बोला- नशे में नहीं था

मुंबई में 7 जुलाई को शिवसेना नेता के बेटे मिहिर शाह ने BMW कार से एक बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी थी। इसमें महिला की मौत हो गई थी। घटना के एक दिन बाद आरोपी शिवसेना नेता के बेटे का पब से निकलते एक वीडियो सामने आया है।

CCTV में मिहिर शाह को अपने दोस्तों के साथ मुंबई के एक पब से निकलते हुए देखा गया। पब से निकलते समय उन लोगों को मर्सिडीज में देखा गया है। पुलिस ने बताया कि बाद में उसने कार बदल ली और वह BMW चला रहा था, जबकि उसका ड्राइवर पैसेंजर सीट पर बैठा था।

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह वर्ली में तेज रफ्तार BMW ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ पीछे बैठी थी। मिहिर कथित तौर पर उस समय नशे में था। पुलिस ने मिहिर के पिता राजेश शाह और ड्राइवर राजेंद्र सिंह बिदावत को गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद कार पर लगा पार्टी का स्टिकर हटाने की कोशिश की
हादसे के बाद वर्ली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV चेक किए, जिससे पता चला कि गाड़ी शिवसेना नेता राजेश शाह की है। राजेश शाह पालघर में सत्ताधारी शिवसेना (शिंदे गुट) के डिप्टी लीडर हैं।

वर्ली पुलिस ने हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कर सफेद रंग की BMW कार जब्त कर ली है। पुलिस की जांच में सबूत मिटाने की कोशिश की बात भी सामने आई है। कार की विंडशील्ड पर शिवसेना का स्टिकर लगा था।

घटना के बाद स्टिकर को खरोंचकर हटाने की कोशिश की गई, ताकि पार्टी के साथ गाड़ी का कनेक्श न छिपाया जा सके। कार की एक नंबर प्लेट भी हटा दी गई, लेकिन पुलिस ने CCTV फुटेज को स्कैन किया, जिससे कार मालिक का पता चल गया।

शिवसेना (उद्धव गुट) नेता आदित्य ठाकरे ने मुंबई के एक पुलिस स्टेशन में मृतक महिला के पति से मुलाकात की। उन्होंने कहा- यह दिल दहला देने वाला है। मैं इसे कोई राजनीतिक रंग नहीं देना चाहता। हमने मांग की है कि अपराधी को गिरफ्तार किया जाए। मैं पीड़ित से मिला, उन्होंने मुझे बताया कि यह कैसे हुआ। यह स्पष्ट रूप से हिट-एंड-रन का मामला है।

एक्स पर एक पोस्ट में शिवसेना नेता ने कहा कि गलत दिशा में कार चलाना, सिग्नल तोड़ना, तीन लोगों को गाड़ी में बैठाना मुंबई में यह सब बढ़ रहा है। अब तो हिट-एंड-रन जैसी घटनाएं भी होने लगी हैं। भले ही दुर्घटना करने वाले को तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाए, लेकिन ऐसी घटनाएं न होने देना जरूरी है। इसके लिए हमें राजनीति से परे जाकर इस स्थिति को सुधारना होगा।

पुणे में कार की टक्कर में पुलिस वाले की मौत, आरोपी पकड़ा गया
पुणे में हिट एंड रन का एक और केस सामने आया है। रविवार को एक शख्स ने अपनी कार से बाइक सवार दो पुलिसवालों को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक पुलिसवाले की मौत हो गई, जबकि दूसरा पुलिसवाला घायल हो गया। दोनों को टक्कर मारकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

सोमवार सुबह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सिद्धार्थ केंगर के तौर पर हुई है। वह सर्विस सेंटर में काम करता है और हादसे के वक्त अपने दोस्त की कार चला रहा था।

चेन्नई में राज्यसभा सांसद की बेटी ने फुटपाथ पर सो रहे एक व्यक्ति के ऊपर अपनी BMW कार चढ़ा दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद सांसद की बेटी को थाने से ही जमानत दे दी गई।

घटना सोमवार रात (17 जून) की है। आरोपी की पहचान YSR कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद बीडा मस्तान राव की बेटी माधुरी के रूप में की गई। मृतक की पहचान 24 साल के सूर्या के रूप में हुई है। वह पेंटिग का काम करता था। उसकी आठ महीने पहले ही शादी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed