Tue. Apr 29th, 2025

सिंधिया को लेकर बयानबाजी पर वीडी शर्मा की भाजपा नेताओं को नसीहत, बोले ….

विजयपुर उपचुनाव में हार के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर प्रतिक्रिया देने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पार्टी के नेताओं को नसीहत दी है। एक बयान जारी कर शर्मा ने विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के बारे में कांग्रेस द्वारा प्रायोजित निराधार और भ्रामक खबरों पर सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस अपनी असफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की खबरें फैला रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि वे इस तरह के आधारहीन और तथ्यहीन विषयों पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया और टिप्पणी से बचें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी नाकारा नेतृत्व को छिपाने के लिए अब असत्य खबरों को बढ़ावा दे रही है और भाजपा के भीतर अंतर्कलह का प्रचार कर रही है।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनवाने से जबर्दस्त झटका लगा है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया के जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी तक के वर्षों पुराने पारिवारिक संबंधों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बात का गहरा सदमा है कि सिंधिया ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया और मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई।बता दें, विजयपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी और तत्कालीन वन मंत्री रामनिवास रावत हार गए थे और इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया प्रचार करने नहीं गए थे। सिंधिया ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें प्रचार करने के लिए बुलाया ही नहीं गया था। इसके बाद भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा था कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंधिया को प्रचार करने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने व्यस्तता बता कर आने से मना कर दिया था। इस मामले पर अब कांग्रेस भाजपा को घेर रहे हैं। इस पूरे मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए कि इस तरह के असत्य और निराधार मुद्दों पर कोई प्रतिक्रिया न दी जाए और पार्टी की एकजुटता और मजबूती को बनाए रखा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *