कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, विधानसभा घेरने जा रहे कांग्रेसी मंच पर गिरफ्तार, साथ दिखे दिग्गज नेता
मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी लगातार प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करती नजर आ रही है 1 साल पूरे होने पर सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप कांग्रेस नेता लगा रहे हैं। सोमवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने विधानसभा के घेराव का ऐलान किया था। इसके लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता राजधानी के जवाहर चौक में जुटे। कांग्रेस नेताओं ने यहां सभा की। हालांकि यहां से विधानसभा घेराव के लिए नहीं जा सके। सभा के बाद कांग्रेस नेताओं ने मंच पर ही गिरफ्तारी दी। यहीं से उन्हें रिहा भी कर दिया गया। पुलिस की ओर से कहा गया कि विधानसभा सत्र चल रहा है, धारा 144 लागू है। ऐसे में विधानसभा की ओर जाना निषेध है। जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने मंच पर ही गिरफ्तारी दी।इससे पहले सुबह करीब 11 बजे पार्टी विधायक पीसीसी के सामने शिवाजी चौराहे पर इकट्ठा हुए। वे यहां से ट्रैक्टर रैली के जरिए विधानसभा जाना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें शिवाजी नगर चौराहे के पास ही रोक लिया। कार्यकर्ता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है अपना भी टाइम आएगा। वहीं पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सभी नेताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि सभी का सम्मान करुंगा। और सरकार को जमकर घेरा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रही है मुख्यमंत्री अमेरिका में डायनासोर के अंडे देख रहे हैं। खास बात यह रही कि कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता एक साथ मंच पर दिखे। कांग्रेस के विधानसभा घेराव के मद्देनजर पुलिस ने भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर मोर्चा संभाल लिया है। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी तैनात की गई थी। इससे पहले दूसरे जिलों से आ रहे कांग्रेस नेताओं को रोकने के लिए पुलिस ने भोपाल से लगी सड़कों पर बैरिकेड्स लगाए थे। राजगढ़ जिले से आए कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका तो जिला पंचायत अध्यक्ष चन्दर सिंह राजगढ़ की अधिकारियों से बहस हो गई।