Mon. Feb 24th, 2025

प्रेस कांफ्रेंस में विधायक सुमित हृदयेश ने निवर्तमान मेयर डॉ जोगेंद्र पाल सिंह रोतेला के लिए कह दी ये बात…

हल्द्वानी: विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि हल्द्वानी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस अपनी जीत सुनिश्चित करने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी ललित जोशी 15 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल करेंगे। बुधवार को एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए विधायक ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए, और कहा कि भाजपा इस चुनाव में गलत हथकंडे अपना रही है।

विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर एक जाति विशेष को टार्गेट कर रही है और शहर के कौमी गुलदस्ते को बिखराने की कोशिश कर रही है। सुमित ने कहा कि इस चुनाव में जनता ने साफ संकेत दे दिया है कि वह बदलाव चाहती है और भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को आपस में लड़ाने की साजिश कर रही है।

विधायक ने कांग्रेस की विकासात्मक नीतियों का समर्थन करते हुए स्वर्गीय इंदिरा हृदयेश का उल्लेख किया, जिन्होंने गोलापार में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण को संभव किया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में होने वाले राष्ट्रीय खेलों से नगर निगम का नाम देश और विदेश में रोशन होगा।

सुमित ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि यदि नगर निगम क्षेत्र में दस वर्षों में विकास हुआ है, तो भाजपा ने निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रोतेला का टिकट क्यों काटा, जिससे भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर हो गया है।

इस दौरान, कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अगर जनता उन्हें जीत का मौका देती है, तो वे धरातल पर विकास की गंगा बहाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *