Wed. Jun 3rd, 2026

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोले, एमपी में सरकार कर रही है लोकतंत्र की हत्या

 ग्वालियर  मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने होने वाले बजट सत्र पर कहा कि सरकार विधानसभा में सत्र चलाना नहीं चाहती। प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि इस बार केवल नौ दिन का बजट सत्र है। पहले बजट सत्र एक से डेढ़ महीने चलता था लेकिन अब 9 दिन का कर दिया गया है। हमने इस मामले में राज्यपाल से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि अगर आप विकास कर रहे हैं तो फिर क्यों विपक्ष के सवालों से बचते हैं। सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। चुने हुए जनप्रतिनिधि सदन में अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा चाहते हैं लेकिन राज्य की बीजेपी सरकार चर्चा करना ही नहीं चाहती है। मैं समझता हूं कि लोकतंत्र की हत्या करके मध्य प्रदेश में केंद्र शासित प्रदेश चल रहा है, अगर यही स्थिति है तो मध्य प्रदेश के भीतर केंद्र शासित प्रदेश का प्रस्ताव आगे भेज देना चाहिए।

प्रहलाद पटेल के भीख मांगने वाले बयान पर बोले सिंघार

उमंग सिंघार (Umang Singhar Statement) ने डॉ. मोहन कैबिनेट के मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा जनता की शिकायतों को सरकार से भीख मांगना बताने के बयान पर कहा कि प्रहलाद पटेल ने किस परिपेक्ष्य में यह बयान दिया है, यह मुझे नहीं पता है लेकिन निश्चित तौर पर जब कोई जनप्रतिनिधि आता है तो उसके पास कार्यकर्ता और आम लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। अगर उनको न्याय नहीं मिल पा रहा है, तब भी आपके पास आते हैं। आपके कलेक्टर, आपका प्रशासन अगर ठीक काम कर रहा होता है तो उन्हें नहीं आना पड़ता है। इसलिए मैं समझता हूं कि निश्चित तौर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।

प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सीएम को दी सलाह

ग्वालियर चंबल संभाग में लगातार बढ़ रही अपराधिक घटनाओं पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा कि ग्वालियर-चंबल ही नहीं, पूरे प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सीएम खुद गृह विभाग संभाल रहे हैं तो उन्हें इस और ध्यान देना चाहिए। जो एसपी काम नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें वापस बुलाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में रेत माफिया लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री चाहे तो एक घंटे के अंदर प्रदेश में रेत माफिया पर अंकुश लग सकता है और अगर नहीं चाहते तो नहीं हो पाएगा। मुरैना में सीएम द्वारा घड़ियाल छोड़े गए तो क्या घड़ियाल छोड़ने से रेत माफिया पर अंकुश लग गया, क्या माइनिंग विभाग का भ्रष्टाचार रुक गया, क्या ऊपर मंत्रियों तक पहुंचने वाला भ्रष्टाचार रुक गया। सिंघार ने कहा कि मुझे लगता है, जब तक भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगेगा तब तक रेत माफिया पर अंकुश नहीं लग पाएगा।

कहा, ग्वालियर इन्वेस्टर मीट से नहीं होगा फायदा

मध्य प्रदेश में हाल ही हुई ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में ग्वालियर चंबल अंचल को कोई लाभ नहीं मिलने पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार (Umang Singhar Controversy) ने कहा कि केवल ग्वालियर अंचल ही नहीं पूरे प्रदेश को ही इस इन्वेस्टर मीट से कोई लाभ नहीं पहुंचने वाला है। प्रदेश के चंदेरी महेश्वर जैसे हस्त शिल्प उद्योगों के लिए इनके पास कोई योजना नहीं है, फूड प्रोसेसिंग के लिए उनके पास कोई योजना नहीं है, देश के उद्योगपति मध्य प्रदेश में इन्वेस्टमेंट नहीं करना चाहते हैं। कागजों पर उद्योग लगाने से या जमीन अलॉट करने से विकास नहीं होगा। जब तक 70 फीसदी युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा, इन्वेस्टर मीट से कोई लाभ नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed