चंबल के बीहड़ में ट्रेनिंग देते थे AK 47 के साथ पकड़े गए जीतू और तेजपाल, आनंदपाल एनकाउंटर के बाद बनाई गैंग
राजस्थान के धौलपुर जिले में दो कुख्यात अपराधियों के पास से अत्याधुनिक हथियार AK47 बरामद होने के बाद अब नई जानकारियां सामने आ रही हैं. जयपुर से एंटी गैंगस्टर टास्क फ़ोर्स (AGTF) की एक टीम ने बुधवार 4 जून को धौलपुर के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के बसई घीयाराम गांव से कुख्यात अपराधी जितेंद्र उर्फ जीतू चंबल और तेजपाल ठाकुर को गिरफ्तार किया है. इस बड़ी कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से आधुनिक हथियार AK-47 समेत 34 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए.
मुखबिर की सूचना के बाद पहुंची टीम
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने NDTV को बताया कि ये कार्रवाई एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के अतिरिक्त महानिदेशक एमएन दिनेश के निर्देश पर हुई है. AGTF को एक मुखबिर से इनपुट मिला कि कुख्यात अपराधी जितेंद्र उर्फ जीतू चंबल एवं तेजपाल ठाकुर राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के बसई घीयाराम गांव में मौजूद है. इसके बाद AGTF की टीम ने धौलपुर पुलिस के सहयोग से दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.
पूर्व दस्यु शिवदत्त ठाकुर का भाई
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार अपराधी जीतू चंबल पूर्व दस्यु शिवदत्त ठाकुर का भाई है. वहीं दूसरा अपराधी तेजपाल ठाकुर जीतू का पिता बताया जा रहा है. शिवदत्त ठाकुर, जितेंद्र उर्फ जीतू चंबल एवं रामदत्त उर्फ सोनू चंबल तीनों सगे भाई हैं.
ये तीनों खूंखार अपराधी लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहे हैं और आनंदपाल गैंग के साथ रह चुके हैं. शिवदत्त ठाकुर की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद गैंग की कमान छोटे भाई रामदत्त ठाकुर ने संभाली है. आनंदपाल का 2017 में एनकाउंटर होने के बाद रामदत्त ठाकुर ने भी अपने छोटे भाई जीतू चंबल एवं पिता तेजपाल ठाकुर के साथ अलग गैंग बना लिया.
