अहमदाबाद प्लेन हादसे पर बॉलीवुड सितारों ने जताया दुख, जानिए किसका क्या है कहना
डिजिटल डेस्क अहमदाबाद में 12 जून को दोपहर 2 बजे हुए प्लेन हादसे के बाद पूरे देश में ग़म का माहौल है? ग्लैमर के लिए जाने जाने वाले बॉलीवुड सितारों ने भी अहमदाबाद प्लेन हादसे पर अपने विचार व्यक्त किए हैं। तमाम फिल्मी सितारों ने अपने एक्स हैंडल पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। ऐसे भी कई सितारे हैं जो इस घटना पर हैरान हैं। तो कई अभी भी इस घटना पर विश्वास नहीं कर रहे हैं। यह इस सदी का भारत में होने वाला सबसे बड़ा विमान हादसा है। जिसमें विमान में सवार सभी यात्रियों के साथ-साथ होस्टल। के तमाम अन्य लोग भी मारे गए। यह एक ऐसी घटना है जिसको काफी समय तक भुलाया नहीं जा सकता।
शाहरुख खान ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा है, ‘अहमदाबाद में हुई दुर्घटना की खबर सुनकर मन बहुत दुखी है। मैं पीड़ितों, उनके परिवारों और सभी प्रभावितों के लिए दुआ करता हूं’। आमिर खान प्रोडक्शंस ने विमान हादसे पर दुख जताया है। आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए पोस्ट में लिखा है, ‘आज हुई दुखद विमान दुर्घटना से हम बहुत दुखी हैं। इस भारी क्षति की घड़ी में, हमारी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। हम इस भीषण हादसे में प्रभावित लोगों, समुदायों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत मजबूत बना रहे’।
जान्हवी कपूर ने भी दुख जताया है। उन्होंने लिखा है, ‘अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयर इंडिया की फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। ऐसी त्रासदियों का दुख शब्दों में बयां करना असंभव है। यात्रियों, चालक दल और हर प्रभावित परिवार के लिए दिल से प्रार्थना कर रही हूं’। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने विमान हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की है। उन्होंने लिखा है, ‘एयर इंडिया विमान हादसे के बाद परिवारों के दुख की कल्पना करना भी बहुत मुश्किल है। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी को ताकत और हिम्मत दें’।
सोनू सूद ने पोस्ट शेयर कर लिखा है, ‘लंदन के लिए उड़ान भरने के बाद अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के विमान में सवार यात्रियों के लिए प्रार्थना’। अक्षय कुमार ने लिखा है, ‘एयर इंडिया के विमान हादसे की खबर से स्तब्ध और हैरान हूं। इस समय केवल प्रार्थनाएं ही हैं’। सनी देओल ने पोस्ट शेयर कर लिखा है, ‘अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। मैं पूरे दिल से हादसे की चपेट में आए यात्रियों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। सभी सुरक्षित रहें, उन्हें उचित देखभाल मिले, जिसकी उन्हें जरूरत है। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवारों को इस अकल्पनीय समय में शक्ति मिले’।
करीना कपूर ने लिखा है, ‘ एयर इंडिया फ्लाइट दुर्घटना की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। विमान में सवार सभी यात्रियों, चालक दल और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना कर रही हूं। इस दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता’। सोनाक्षी सिन्हा ने भी हादसे पर दुख जताते हुए लिखा है, ‘जीवन बहुत अप्रत्याशित है! मेरी संवेदनाएं प्रभावितों और उनके परिवारों के साथ हैं’। अभिषेक बच्चन ने अहमदाबाद में एयरपोर्ट के पास हुए विमान हादसे की खबर पर ट्वीट कर प्रभावितों के लिए दुआ की है। अनुपम खेर ने भी दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर लिखा है, ‘यकीन नहीं हो रहा…स्तब्ध हूं… लाचार और दुःखी हूं…’।