अहमदाबाद प्लेन हादसे पर बॉलीवुड सितारों ने जताया दुख, जानिए किसका क्या है कहना
डिजिटल डेस्क अहमदाबाद में 12 जून को दोपहर 2 बजे हुए प्लेन हादसे के बाद पूरे देश में ग़म का माहौल है? ग्लैमर के लिए जाने जाने वाले बॉलीवुड सितारों ने भी अहमदाबाद प्लेन हादसे पर अपने विचार व्यक्त किए हैं। तमाम फिल्मी सितारों ने अपने एक्स हैंडल पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। ऐसे भी कई सितारे हैं जो इस घटना पर हैरान हैं। तो कई अभी भी इस घटना पर विश्वास नहीं कर रहे हैं। यह इस सदी का भारत में होने वाला सबसे बड़ा विमान हादसा है। जिसमें विमान में सवार सभी यात्रियों के साथ-साथ होस्टल। के तमाम अन्य लोग भी मारे गए। यह एक ऐसी घटना है जिसको काफी समय तक भुलाया नहीं जा सकता।
शाहरुख खान ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा है, ‘अहमदाबाद में हुई दुर्घटना की खबर सुनकर मन बहुत दुखी है। मैं पीड़ितों, उनके परिवारों और सभी प्रभावितों के लिए दुआ करता हूं’। आमिर खान प्रोडक्शंस ने विमान हादसे पर दुख जताया है। आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए पोस्ट में लिखा है, ‘आज हुई दुखद विमान दुर्घटना से हम बहुत दुखी हैं। इस भारी क्षति की घड़ी में, हमारी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। हम इस भीषण हादसे में प्रभावित लोगों, समुदायों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत मजबूत बना रहे’।
जान्हवी कपूर ने भी दुख जताया है। उन्होंने लिखा है, ‘अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयर इंडिया की फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। ऐसी त्रासदियों का दुख शब्दों में बयां करना असंभव है। यात्रियों, चालक दल और हर प्रभावित परिवार के लिए दिल से प्रार्थना कर रही हूं’। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने विमान हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की है। उन्होंने लिखा है, ‘एयर इंडिया विमान हादसे के बाद परिवारों के दुख की कल्पना करना भी बहुत मुश्किल है। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी को ताकत और हिम्मत दें’।