MP के 18 आयुर्वेद कॉलेजों को मिली मान्यता, BAMS की 3000 सीटों पर खुलेगा प्रवेश का रास्ता
शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में आयुर्वेद शिक्षा को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के 18 आयुर्वेदिक कॉलेजों को राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग से मान्यता मिल गई है। इसके बाद प्रदेश में BAMS की लगभग 3,000 सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया सुगम हो सकेगी। हालांकि 16 अन्य आयुर्वेद कॉलेजों की मान्यता पर निर्णय लंबित है, जिससे संबंधित संस्थानों और छात्रों में चिंता बनी हुई है।
इस मुद्दे पर नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) छात्र संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हरेन्द्र सिंह भदौरिया ने कहा कि यह स्वागत योग्य कदम है। 18 कॉलेजों को समय पर मान्यता प्रदान की गई है, जिससे हजारों छात्रों का भविष्य सुरक्षित हुआ है। लेकिन शेष 16 आयुर्वेद कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया को भी पारदर्शी और शीघ्रता से पूरा किया जाए एवं मान्यता की प्रक्रिया को अधिक डिजिटल, समयबद्ध और सुसंगठित किया जाए।
