Wed. Apr 29th, 2026

मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण संपादन हेतु भिंड में शांति समिति की बैठक संपन्न, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

कलेक्टर श्री संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिले में मोहर्रम के अवसर पर साम्प्रदायिक सौहार्द, सुरक्षा व्यवस्था एवं सतर्कता बरतने के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सुनील दुबे, अपर कलेक्टर श्री एल.के. पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल, एसडीएम भिण्ड श्री अखिलेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी, समिति सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर कहा है कि कर्बला वाले स्थान पर लाईट एवं पानी के टेंकरों की व्यवस्था की जाये।

ताजिया का जुलूस निकलने वाले रास्तों पर ऐसे अनुपयोगी बेनर अथवा जीर्णशीर्ण बैनरों को हटाया जाये जिससे ताजिया निकलते समय व्यवधान उत्पन्न न हो, ताजिया का जुलूस निकलने वाले रास्तों पर ट्रेफिक पुलिस की उचित व्यवस्था कराई जाये तथा ट्रेफिक व्यवस्था के लिए बेरीकेड्स भी लगाये जावें, विद्युत विभाग/पीडब्ल्यूडी/सीएमओ की टीम ताजिये के रूट पर एसडीएम भिण्ड से समन्वय कर संयुक्त रूप से भ्रमण कर सुगम व्यवस्था बनावें।

उन्होंने सीएमओ को निर्देशित कर कहा कि मस्जिदों के आस-पास साफ सफाई, पानी के टेंकर की व्यवस्था की जाये, ताजियों के निकलने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले बड़े पेडों की टहनियों को छटवा दिया जावे जिससे कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। जुलूस के समय रास्तों पर आवारा पशुओं को रोकने के लिए नगर पालिका कर्मचारी जुलूस मार्ग में तैनात रहें। ताजियों के जुलूस के रास्ते पर जलभराव कीचड़ होने की स्थिति में गिट्टी मुरम डलवाई जाए। ताजियों के जुलूस मार्ग की साफ-सफाई करा दी जाए।

उन्होंने एमपीईबी को निर्देशित कर कहा कि मोहर्रम त्यौहार में ताजियों के जुलूस निकलने वाले रास्तों में बिजली के तारों को ऊंचा किया जाये, जिससे ताजियों के निकलने में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। कलेक्टर ने समिति सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को अमल में लाने के आश्वासन देते हुए उपस्थित अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिये तथा मोहर्रम के त्यौहार को शांति एवं सद्भावना पूर्ण रूप से मनाये जाने की सभी उपस्थित गणमान्य नागरिकों से अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *