Fri. Jan 16th, 2026

कांग्रेस नेता विवेक बंसल के बहनोई और यूपी के पूर्व डीजीपी के.एल. गुप्ता का निधन, शुक्रवार को लखनऊ में होगा अंतिम संस्कार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP)  के.एल. गुप्ता का निधन हो गया है। वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री विवेक बंसल के बहनोई थे। शुक्रवार को  लखनऊ में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। के.एल. गुप्ता की ससुराल अलीगढ़ में थी।

न्याय योद्धा अयाज़ खान अच्छू ने विवेक बंसल से फोन पर बात कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना जताई। बंसल ने बातचीत में बताया कि अंतिम संस्कार का कार्यक्रम लखनऊ में ही तय किया गया है।

के.एल. गुप्ता 1965 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई जिलों और मंडलों में उच्च पदों पर सेवा दी। वे 2 अप्रैल 1998 से 23 दिसंबर 1999 तक राज्य के पुलिस महानिदेशक रहे। यह कार्यकाल तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के दूसरे शासनकाल के दौरान रहा।

उनके पहले कार्यकाल (1991-92) में उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पुलिस सुधार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए। हालांकि, दूसरे कार्यकाल को कुछ वरिष्ठ पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों ने राजनीतिक हस्तक्षेप और सिफारिशों से प्रभावित बताया है।

पूर्व डीजीपी के.एल. गुप्ता बाद में विकास दुबे एनकाउंटर मामले में भी चर्चित रहे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया था और एक जांच समिति के सदस्य के रूप में भी नामित किए गए थे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट में उनके नाम पर पूर्वग्रह के आरोपों को लेकर आपत्तियाँ भी दर्ज की गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed