Tue. Apr 28th, 2026

उत्तरकाशी के धराली में बादल फटा, पहाड़ों से आए मलबे से कई घर तबाह, 4 की मौत, 50 लापता

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ है. गंगोत्री धाम और मुखवा के पास स्थित धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने से एक नाला उफान पर आ गया. नाले का पानी बहुत तेज़ी से पहाड़ों से निचले इलाकों की तरफ बहकर आया, जिससे कई घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं. उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है और संपत्ति को काफी ज्यादा नुकसान हुआ है. बादल फटने के बाद इलाके में 50 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं.

यह घटना बेहद गंभीर है और इसने स्थानीय लोगों के लिए बड़ी मुसीबत लेकर आई है. नाले के पानी के साथ मलबा भी नीचे बहकर आया है, जिसमें कई लोगों के दबे होने की भी आशंका जताई जा रही है. इलाके में अब भी बारिश जारी है और ऐसे में फिर से बादल फटने का खतरा बना हुआ है.

बादल फटने के बाद नाले में पानी के उफान से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, अब इलाके में राहत और बचाव का काम चल रहा है. जिला आपदा प्रबंधन ने हादसे की पुष्टि की है और कहा कि हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘धराली (उत्तरकाशी) क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है. राहत एवं बचाव कार्यों के लिए SDRF, NDRF, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं.’

उत्तराखंड लैंडस्लाइड हादसे को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड सीएम पुष्कर धामी से बात की है. केंद्र सरकार ने राज्य को हर संभव मदद का भरोसा दिया है. हादसे की जगह पर पहले ही एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमों को बचाव कार्य के लिए  रवाना कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *