Sun. Feb 8th, 2026

आज पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच करो या मरो का मुकाबला, फाइनल में पहुंचने की उम्मीद को जिंदा रखेगी दोनों टीमें

आज पाकिस्तान के लिए बेहद अहम मैच होने वाला है। एशिया कप 2025 में सुपर-4 का तीसरा मुकाबला पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम के बीच खेला जाएगा। भारतीय समय अनुसार मुकाबला रात 8:00 बजे से शुरू होगा। अबू धाबी में होने वाले इस मुकाबले पर सभी की नज़रें टिकी हुई हैं। अगर आज पाकिस्तान मुकाबला हारता है तो लगभग एशिया कप से बाहर हो जाएगा और भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला होना मुश्किल हो जाएगा। लेकिन अगर पाकिस्तान जीत हासिल करता है तो श्रीलंका के लिए फाइनल में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। श्रीलंका अपना पिछला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ हार चुका है।

ऐसे में इस मुकाबले पर न सिर्फ पाकिस्तान और श्रीलंका की नज़रें हैं बल्कि बांग्लादेश और भारत भी इस पर ध्यान लगाए हुए हैं। भारत का अगला मुकाबला बांग्लादेश की टीम के खिलाफ होने वाला है। बांग्लादेश पिछले मुकाबले में जीत हासिल कर चुका है।

भारत से करारी हार का सामना करना पड़ा था

पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को भारत से करारी हार का सामना करना पड़ा था। सुपर-4 में खेले गए भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में भारत ने 6 विकेट से जीत हासिल की थी। पाकिस्तान की बल्लेबाजी थोड़ी संभली हुई दिखाई दी थी लेकिन गेंदबाजी में कोई मजबूती नजर नहीं आई। ऐसे में आज देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या पाकिस्तान की टीम बल्लेबाजी में कोई बदलाव करती है या फिर गेंदबाजी में ज्यादा स्पिनर्स को मौका देती है। जबकि दूसरी ओर यही हाल श्रीलंका का भी है। बता दें कि श्रीलंका को बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

पाकिस्तान और श्रीलंका हेड टू हेड रिकॉर्ड

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच हमेशा से ही T20 में शानदार मुकाबले देखने को मिले हैं। अब तक दोनों टीमों के बीच 23 बार मैच खेला गया है, जिसमें पाकिस्तान ने 13 बार मुकाबला जीता है तो वहीं श्रीलंका की टीम 10 बार विजेता बनी है। हालांकि आज होने वाला मुकाबला करो या मरो का होगा। दोनों टीमें इस मुकाबले को किसी भी हालत में जीतना चाहेंगी। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 4 मैच में 132 रन बनाए हैं, जबकि श्रीलंका की ओर से पथुम निसांका ने 4 मैच में 146 रन बनाए हैं। अब देखना होगा कि दोनों टीमों में से कौन सी टीम बड़ी जीत दर्ज करती है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

पाकिस्तान की टीम:

सलमान आगा (कप्तान), सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, फखर जमान, फहीम अशरफ, हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रउफ और अबरार अहमद।

श्रीलंका की टीम:

चरित असलंका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिल मिशारा, कुसल परेरा, कामिंडू मेंडिस, दसुन शनाका, वनिंदु हसरंगा, दुष्मंथा चमीरा, दुनिथ वेल्लालागे और नुवान थुषारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed