वसंत कुंज आश्रम संचालक पर छात्राओं ने लगाए यौन शोषण के गंभीर आरोप
नई दिल्ली राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक आश्रम का संचालन करने वाले कथित स्वामी चैतन्यानंद पर गंभीर आरोप लगे हैं। दिल्ली के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की 30 से अधिक छात्राओं ने आरोप लगाया है कि स्वामी लंबे समय से छात्राओं और महिला स्टाफ के साथ यौन उत्पीड़न, देर रात छेड़छाड़, अश्लील संदेश और अनुचित बातचीत करता रहा है।
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि चैतन्यानंद ने कई बार उनकी मार्कशीट में छेड़छाड़ कर उन्हें ब्लैकमेल किया और अपनी मांगें मानने के लिए दबाव बनाया।
सूत्रों के अनुसार, सबसे पहले एक पूर्व छात्रा, जो अब भारतीय वायुसेना (इंडियन एयरफोर्स) में ग्रुप कैप्टन हैं, ने यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट को पत्र और ईमेल भेजकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वामी काफी समय से संस्थान की छात्राओं और महिला कर्मियों के साथ अनुचित हरकतें करता आ रहा था।
इस मामले के उजागर होने के बाद संस्थान के प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि इतने लंबे समय तक इन घटनाओं पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियाँ शिकायतों की जाँच में जुटी हैं।
