Sat. Apr 18th, 2026

मध्य प्रदेश बिजली उपभोक्ताओं के लिए काम की खबर, ऐसे करेंगे बिल का भुगतान तो मिलेगा लाभ, जानें डिटेल्स

मध्य प्रदेश के बिजली उपभोक्‍ताओं के लिए काम की खबर है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने उपभोक्ताओं से बकाया राशि का भुगतान देय तिथि से पहले और बिजली का बिल ऑनलाइन भुगतान करने की अपील की है।  कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने कंपनी कार्यक्षेत्र के बिजली उपभोक्‍ताओं से अपील की है कि वे बकाया राशि का भुगतान निर्धारित देयक तिथि से पूर्व करें। कंपनी ने सभी मैदानी अधिकारियों को बकाया राशि वसूली करने, भू-राजस्व संहिता के अंतर्गत सी-फार्म एवं कुर्की करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।

कंपनी ने यह भी निर्देश दिये हैं कि विजीलेंस द्वारा बनाये गये प्रकरणों में बकाया राशि की वसूली भी तेज की जाए। ऑडिट द्वारा निकाली गई बकाया राशि और अन्य कारणों से बकाया राशि को उपभोक्ता के बिल में जोड़कर राजस्व वसूली की जाए। इसके अलावा काटे गये कनेक्शनों की रात्रि में चेकिंग की जाए जिससे बकायादार उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग न करें और यदि कोई उपभोक्ता ऐसा करता पाया जाता है तो उसके विरूद्ध बिजली अधिनियम-2003 की धारा 138 के अंतर्गत प्रकरण बनाया जाए। कंपनी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा है कि टीम भावना से कार्य कर लक्ष्य की प्राप्ति करें।

ऑनलाइन भुगतान करने पर मिलेगी छूट

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा निम्नदाब घरेलू उपभोक्ताओं को ऑनलाइन भुगतान करने पर उनके कुल बकाया बिल पर 0.50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। साथ ही अधिकतम छूट के लिए कोई सीमा बंधन नहीं है। उच्चदाब उपभोक्ताओं को प्रति बिल कैशलेस भुगतान पर 100 रूपये से 1000 रुपये तक की छूट दी जा रही है।

ऐसे कर सकते है ऑनलाइन भुगतान

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से बिजली का बिल ऑनलाइन भुगतान करने की अपील की है। कंपनी ने कहा है कि उपभोक्ताओं को एम.पी.ऑनलाईन, कॉमन सर्विस सेन्टर, कंपनी पोर्टल portal.mpcz.in (नेट बैंकिंग, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई, ईसीएस, बीबीपीएस, कैश कार्ड एवं वॉलेट आदि) फोन पे, अमेजान पे, गूगल पे, पेटीएम एप, व्‍हाट्सएप्‍प पे एवं उपाय मोबाइल ऐप के माध्यम से बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *