Wed. Jun 3rd, 2026

सहारनपुर दर्दनाक हादसा: फैक्ट्री में आग लगने से मालिक समेत पांच झुलसे, दो की मौत से मचा कोहराम

सहारनपुर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के शेखपुरा कदीम गांव में टायरों से तेल निकालने वाली फैक्ट्री में रविवार शाम को बॉयलर फटने से आग लग गई। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्राथमिक पड़ताल और पूछताछ में पता चला है कि बॉयलर के पाइप के बीच दो मजदूर बेल्डिंग कर रहे थे। अचानक बॉयलर फट गया और आग लग गई। इसके बाद गैस रिसाव होने लगा। अंदाजा लगाया जा रहा है कि घायल मजदूर बाहर नहीं आ पाए और दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम के पास पिछले सप्ताह ही टायरों से तेल निकालने वाली एक फैक्ट्री बी एंड एन पाइरोलाइसिस इंडस्ट्रीज का उद्घाटन हुआ था। फैक्ट्री के मालिक का नाम बृजेश प्रजापति है। घायल मजदूरों को देवबंद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में मारा गया 27 वर्षीय शोएब कलियर का रहने वाला था जबकि 50 वर्षीय कल्लू मुजफ्फरनगर से आकर इस फैक्ट्री में काम कर रहा था। इनके अलावा फैक्ट्री मालिक बृजेश प्रजापति समेत मजदूर सुहैल, विशाल और जितेंद्र भी घायल हुए हैं।

एस पी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि दुर्घटना कैसे हुई अभी पता नहीं चल सका है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एक टीम का गठन किया गया है जो यह पता लगाएगी कि आखिर दुर्घटना कैसे हुई। फिलहाल सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।  देर रात को मृतकों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। परिजनों में कोहराम मचा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed