Wed. Jul 1st, 2026

घी और शराब डालकर लगाई आग… गर्लफ्रेंड ने पूर्व प्रेमी संग मिलकर की हत्या, UPSC छात्र के मर्डर में सनसनीखेज खुलासा

दिल्ली के तिमारपुर इलाके में लगी एक आग ने ऐसी सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश किया है, जिसे जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। शुरुआती जांच में यह मामला आगजनी का हादसा लगा था, लेकिन जब फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आए, तो पता चला कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। इस खौफनाक वारदात की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि बीएससी फॉरेंसिक साइंस की छात्रा अमृता चौहान निकली — जो अपराध सुलझाने की पढ़ाई कर रही थी, लेकिन अब खुद अपराध की आरोपी बन गई है।

दिल्ली पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है — जिनमें 21 वर्षीय अमृता चौहान, उसका पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप और साथी संदीप कुमार शामिल हैं। जांच में सामने आया कि अमृता ने अपने परिचित रामकेश मीना (32) की हत्या की साजिश रची थी। रामकेश यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और अमृता का जानकार था।

आग में दफ्न साजिश

6 अक्टूबर की रात तिमारपुर की एक बिल्डिंग में चौथी मंज़िल पर आग लगने की सूचना मिली थी। जब फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तो कमरे में झुलसी हुई लाश मिली। शुरुआत में यह हादसा माना गया, लेकिन फॉरेंसिक टीम की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश युवक और बाद में एक लड़की एवं एक युवक को इमारत से निकलते देखा गया। इससे पुलिस को शक हुआ और मामला हत्या की ओर मुड़ गया।

मृतक के परिवार ने भी घटना को संदिग्ध बताया। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली और अमृता चौहान का नाम सामने आया, जिसका मोबाइल लोकेशन घटना की रात उसी इलाके में था। यहीं से पुलिस ने पूरे रहस्य की परतें खोलनी शुरू कीं।

मुरादाबाद से गिरफ्तारी और कबूलनामे की कहानी

लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर को अमृता को मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने सब कुछ कबूल लिया। उसने बताया कि यह हत्या उसने अपने पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप और दोस्त संदीप कुमार के साथ मिलकर की थी।

अमृता के मुताबिक, मृतक रामकेश के पास उसकी आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें एक हार्ड डिस्क में थीं, जिन्हें मिटाने से उसने इनकार कर दिया था। इसी डर और गुस्से में उसने हत्या की साजिश रची। तीनों ने 5 और 6 अक्टूबर की दरम्यानी रात रामकेश का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी, फिर कमरे में घी, तेल और वाइन डालकर आग लगा दी। सुमित, जो गैस सिलिंडर का डिस्ट्रीब्यूटर था, उसने सिलिंडर खुला छोड़ दिया ताकि धमाका हो और मामला दुर्घटना लगे। कुछ ही देर में धमाके के साथ पूरा कमरा राख में तब्दील हो गया।

पुलिस को मिले अहम सबूत

अमृता की निशानदेही पर पुलिस ने हार्ड डिस्क, ट्रॉली बैग और मृतक की शर्ट बरामद की है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed