Sat. Apr 18th, 2026

मेयर चुनाव में ऐतिहासिक जीत जोहरान ममदानी ने डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोलते हुए नेहरू का क्यों लिया नाम?

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक समाजवादी जोहरान ममदानी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। ममदानी ने अपने भाषण में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जिक्र किया। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर ममदानी ने जीत के बाद नेहरू का जिक्र क्यों किया? चलिए समझते हैं…

दरअसल, ममदानी ने अपने विजय भाषण में पंडित जवाहरलाल नेहरू के मशहूर भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ का जिक्र दिया। उन्होंने कहा-

‘एक क्षण आता है, जो इतिहास में दुर्लभ होता है, जब हम पुरातन से नई ओर कदम रखते हैं…’

ममदानी ने इस बात को दोहराते हुए कहा कि ‘आज रात हम पुरातन से नई ओर कदम रख चुके हैं।’ इसका मतलब उन्होंने पुराने राजनीतिक सिस्टम के अंत और एक नए युग की शुरुआत से लगाया।

नेहरू का संदर्भ और राजनीतिक संदेश
नेहरू का यह भाषण भारत की आज़ादी का प्रतीक बताया जाता था। ममदानी ने इसे न्यूयॉर्क में परिवर्तन के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया – यह बताने के लिए कि अब सत्ता की पुरानी राजनीति को लोग ठुकरा रहे हैं। दक्षिण एशियाई मूल के ममदानी ने अमेरिकी राजनीति में भारतीय विचार और प्रभाव का मजबूत प्रदर्शन किया है।

ट्रंप के लिए बड़ी हार
यह जीत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए भारी झटका मानी जा रही है। इसके तीन बड़े कारण हैं:

न्यूयॉर्क ट्रंप का गढ़:
ट्रंप हमेशा न्यूयॉर्क को अपना ‘पहला घर’ बताते रहे हैं। ममदानी ने कहा – ‘अगर कोई शहर ट्रंप को हराने का तरीका दिखा सकता है, तो वो है न्यूयॉर्क – वही शहर जिसने ट्रंप को जन्म दिया।’ ममदानी ने यहां रिपब्लिकन कर्टिस स्लिवा और पूर्व गवर्नर एंड्रू क्यूओमो को हराया, जिन्हें ट्रंप का समर्थन था।

ट्रंप की धमकी और पलटवार:
चुनाव से पहले ट्रंप ने ममदानी को ‘कम्युनिस्ट’ कहा था और न्यूयॉर्क को संघीय फंडिंग से वंचित करने की धमकी दी थी। बावजूद इसके, ममदानी ने जीत हासिल की – यह ट्रंप की नीति के खिलाफ एक जनादेश साबित हुआ।

इमिग्रेशन नीति पर जनादेश:
उगांडा में जन्मे भारतीय मूल के ममदानी ने कहा कि न्यूयॉर्क ‘अप्रवासियों द्वारा बनाया गया और अब एक अप्रवासी द्वारा संचालित शहर’ है। यह ट्रंप की कठोर आव्रजन नीतियों के खिलाफ एक स्पष्ट संदेश था।

ट्रंप को सीधा जवाब
विजय भाषण में ममदानी ने कैमरे की ओर देखकर कहा –

‘डोनाल्ड ट्रंप, मुझे पता है आप देख रहे हैं, मेरे पास आपके लिए चार शब्द हैं: वॉल्यूम बढ़ाएं।’

यह बयान ट्रंप की नीतियों और उनके रुझानों पर कटाक्ष था। जवाब में व्हाइट हाउस के एक्स हैंडल से लिखा – ‘ट्रंप आपका राष्ट्रपति है।’ इसके बाद उन्होंने Truth Social पर लिखा – ‘और अब यह शुरू होता है!’

डेमोक्रेट्स की बढ़त और आगे का असर
न्यूयॉर्क में ममदानी के अलावा डेमोक्रेट्स ने कई अन्य प्रमुख सीटों पर भी जीत दर्ज की। यह ट्रंप की दूसरी पारी के नौ महीने बाद पहला बड़ा चुनाव था और इससे डेमोक्रेटिक पार्टी को नई ऊर्जा मिली है।

ममदानी की जीत अमेरिकी राजनीति में दक्षिण एशियाई और भारतीय विचारों के प्रभाव का प्रतीक है। नेहरू के उद्धरण के साथ यह जीत केवल न्यूयॉर्क की राजनीति में बदलाव नहीं, बल्कि ट्रंप की ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति के खिलाफ एक वैचारिक चुनौती भी है।
यह चुनाव अमेरिकी राजनीति के लिए एक नया अध्याय खोलता है जहां अप्रवासी, युवा और प्रगतिशील नेता अब निर्णायक भूमिका में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *