Tue. Mar 3rd, 2026

पति को मारा, लाश के टुकड़े किए, किचन में दफनाया… प्रेमी के लिए ‘कातिल’ बनी अहमदाबाद की रूबी, 14 महीने बाद खुला राज

गुजरात के अहमदाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पत्नी रूबी ने अपने प्रेमी इमरान और उसके तीन दोस्तों की मदद से पति समीर अंसारी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव के टुकड़े कर उसे घर के किचन में दफना दिया था। यह खौफनाक रहस्य 14 महीने बाद उस समय खुला जब पुलिस ने गुमशुदगी की जांच शुरू की और खुदाई में मानव अवशेष बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक, अहमदाबाद के सरखेज के फतेवाड़ी इलाके में हुई इस वारदात में रूबी ने अपने पति की हत्या के बाद टाइल्स और पत्थर लगाकर शव को छिपा दिया था। आरोपियों ने समीर को पहले बंधक बनाया, फिर हमला कर उसकी हत्या की। बाद में शव के टुकड़े कर रसोई में दफनाकर ऊपर से सीमेंट डाल दिया गया ताकि किसी को शक न हो।

करीब 14 महीने तक यह रहस्य दबा रहा। पुलिस को सूचना मिली कि समीर अंसारी एक साल से लापता है। जांच में पता चला कि उसका मोबाइल बंद है और वह किसी से संपर्क में नहीं है। पुलिस ने रूबी के प्रेमी इमरान से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इमरान की निशानदेही पर मकान की खुदाई की गई, जहां से मानव अवशेष बरामद हुए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रूबी और समीर की शादी तीन साल पहले हुई थी, लेकिन उनके रिश्ते में लगातार तनाव बना रहता था। इमरान के आने के बाद विवाद और बढ़ गया। रूबी ने पड़ोसियों से कहा था कि उसका पति दुबई चला गया है। बाद में जब किराएदारों को घर से बदबू आने लगी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *