Wed. Jul 1st, 2026

एमपी में रंगे हाथों दो चोर पकड़े गए, नाले में कूदकर भागने की कोशिश नाकाम

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोरी की कोशिश कर रहे दो चोरों को स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पकड़ लिया। भीड़ से बचने के लिए एक चोर ने गहरे नाले में कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क नागरिकों ने उसे भी दबोच लिया। इसके बाद मौके पर दोनों की जमकर पिटाई की गई। सूचना मिलने पर हरसूद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों की पहचान भूरे खां पुत्र नूरु खां निवासी बैतूल और गोकल पुत्र रामाधार निवासी सिवनी मालवा के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि दोनों के खिलाफ नर्मदापुरम और बैतूल जिलों में चोरी के कई पुराने मामले दर्ज हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना रात करीब दो बजे की है। दोनों युवक हथियारों से लैस होकर एक घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए और चोरों को घेर लिया। इसी दौरान एक चोर ने भागने की कोशिश में नाले में छलांग लगा दी, लेकिन लोगों ने उसे भी पकड़ लिया।

भीड़ ने दोनों चोरों की पिटाई के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किसी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने सतर्कता बढ़ाने की अपील की है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *