सूरत में लिव-इन पार्टनर ने प्रेमिका की हत्या कर शव सूटकेस में फेंका, फरीदाबाद से गिरफ्तार
गुजरात के सूरत में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को सूटकेस में भरकर फेंक दिया। यह मामला सूरत के कोसंबा इलाके का है। पुलिस ने आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले कोसंबा रेलवे स्टेशन के पास एक सूटकेस मिला था, जिसमें एक महिला का शव पाया गया। शव की पहचान हरियाणा की रहने वाली 26 वर्षीय युवती के रूप में हुई, जो आरोपी के साथ सूरत में किराए के मकान में रहती थी। जांच में सामने आया कि दोनों पिछले कुछ महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में थे।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। उसे फरीदाबाद से पकड़ा गया, जहां वह अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपा हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
