Thu. Apr 30th, 2026

30 हजार के इनामी डकैत योगी गैंग से पुलिस की मुठभेड़, फिर बच निकला योगी गुर्जर

मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस के लिए सिर दर्द बना 30 हजार का इनामी डकैत योगेंद्र उर्फ योगी गुर्जर गैंग का गुरुवार सुबह तड़के ग्वालियर पुलिस से एक बार फिर आमना सामना हो गया। किन पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर गैंग जंगलों में फरार हो गया। ये दूसरी बार हुआ है जब पुलिस के हाथ से योगी गैंग फिसल गई।

ग्वालियर पुलिस को इनपुट मिला था कि हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के जंगलों में योगी गैंग के सदस्यों का मूवमेंट है। सूचना पर पुलिस की टीम गैंग की घेराबंदी करने के लिए जंगल में उतरी थी, लेकिन गैंग के सदस्यों को पुलिस की आहट लग गई। गैंग के बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिए। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, लेकिन मौके का लाभ उठाकर गैंग जंगल में समा गई। फिलहाल जंगल पुलिस की सर्चिंग जारी है।

बता दें कि 30 हजार के इनामी योगेंद्र उर्फ योगी ने लगभग अपने 25 साथियों के साथ 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र के गुर्जा गांव में 9 माह की गर्भवती रीना उर्फ अंजू गुर्जर का हथियारों के बल पर किडनैप कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने योगी गैंग की घेराबंदी की तो ये गैंग अंजू को लंका पहाड़ के जंगलों में छोड़कर भाग गए थे, जहां से अंजू को पुलिस ने सकुशल बरामद किया था। तब से लगातार पुलिस मुरैना नूराबाद और ग्वालियर के जंगलों में लगातार योगी गैंग की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस गैंग के एक सदस्य अंकित उर्फ अंका गुर्जर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

गौरतलब है कि 9 महीने की गर्भवती रीना उर्फ अंजू गुर्जर का किडनैप उसके पूर्व मंगेतर योगेन्द्र उर्फ योगी गुर्जर ने अपनी गैंग के साथ हथियारों के बल पर अंजू की ससुराल (गुर्जा गांव) में घुसकर किया था, दरसल जिला मुरैना का रहने वाला योगेन्द्र अंजू से शादी करना चाहता था, लेकिन अंजू के परिजनों ने योगी के अपराधिक रिकॉर्ड देखकर शादी से मना कर दिया था, जिसके चलते योगी ने अंजू की किडनैपिंग की वारदात को अंजाम दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *