फिरोजाबाद में पुलिस टीम पर हमला:कब्जा दिलाने गई टीम पर पथराव, वीडियो वायरल
फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला हुआ। रामनगर इलाके में शनिवार देर शाम कब्जा दिलाने गई पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। हमले के बाद पुलिस को मौके से भागना पड़ा। घटना का एक वीडियो रविवार को सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस सिविल कोर्ट के आदेश पर एक दुकान का कब्जा दिलाने पहुंची थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले धनपाल और उनकी पत्नी सोमवती ने छत से ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव में महिलाएं भी शामिल थीं। इस पूरी घटना के दौरान काफी संख्या में पुलिस कर्मी भी मौके पर मौजूद थे लेकिन पथराव होता देख सभी तितर बितर हो गए। पीड़ित पक्ष ने बताया कि यह मामला उनकी दुकान के कब्जे से जुड़ा है। वहीं, आरोपी पक्ष का दावा है कि उन्होंने उस जगह का बैनामा कराया है। थाना लाइनपार के इंस्पेक्टर ने बताया कि इस मामले में जांच-पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना को लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। पथराव करने के मामले में भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
