Sun. Feb 8th, 2026

गेहूं का MSP 2585 रुपए तय सरकारी खरीद 10 मार्च से शुरू, पंजीयन 1 फरवरी से

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं की सरकारी खरीद की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य सरकार के निर्देशों के बाद भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) सहित संबंधित एजेंसियों ने खरीद केंद्रों के संचालन, भंडारण व्यवस्था और परिवहन प्रबंधन को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

इस बार किसानों से गेहूं की खरीद भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपए प्रति क्विंटल पर की जाएगी।

सरकारी खरीद प्रक्रिया 10 मार्च से शुरू होगी। किसानों के लिए ऑनलाइन पंजीयन 1 फरवरी से ही प्रारंभ कर दिया गया है, जो ई-मित्र केंद्रों और अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक किसान समर्थन मूल्य योजना से जुड़ें और बिचौलियों से बचते हुए सीधे सरकार को अपनी उपज बेच सकें।

खरीद केंद्रों पर तौल कांटे, बारदाना, पानी, छाया और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित की जाए।

विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर पंजीयन करवाएं। साथ ही, निर्धारित तिथि पर साफ, सूखा और मानक गुणवत्ता वाला गेहूं लेकर खरीद केंद्र पर पहुंचें, ताकि भुगतान प्रक्रिया में देरी न हो।

इस बार रिकॉर्ड खरीद की संभावना जताई जा रही है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed