Sun. Feb 8th, 2026

पप्पू यादव 31 साल पुराने केस में पटना से गिरफ्तार:बोले- मेरी हत्या हो सकती है; राहुल, प्रियंका ने कहा- आवाज दबाने की कोशिश

सांसद पप्पू यादव को शनिवार सुबह बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) लाया गया। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और शुगर की तकलीफ है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। उन्हें X पर लिखा- ये आवाज दबाने की कोशिश है। प्रियंका गांधी ने भी गिरफ्तारी के विरोध में पोस्ट शेयर किया।

इधर, सांसद की गिरफ्तारी के विरोध में समर्थक सड़क पर उतर गए हैं, आरा में CM नीतीश का पुतला फूंका गया है। जानकारी के मुताबिक, आज उनकी कोर्ट में पेशी भी हो सकती है।

इससे पहले पटना पुलिस ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात 12 बजे गिरफ्तार किया। धोखे से कमरा किराए पर लेने के 31 साल पुराने केस में पटना की विशेष अदालत ने पप्पू यादव समेत 3 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी के आदेश दिए थे।

शुक्रवार रात पप्पू यादव की गिरफ्तारी के दौरान करीब 3 घंटे तक ड्रामा चला। गिरफ्तारी के दौरान वे बेहोश हो गए। जिसके बाद समर्थक भड़क गए। कुछ देर बाद पुलिस पप्पू यादव को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। इस दौरान पप्पू यादव ने कहा, ‘मुझे नहीं पता मेरा क्या होगा।’

गिरफ्तारी से पहले हाईवोल्टेज ड्रामा पप्पू यादव को गिरफ्तार करने उनके आवास पर शुक्रवार रात सिटी एसपी, पांच डीएसपी, छह थानेदार समेत 100 पुलिसकर्मी पहुंचे। उनके आवास और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में बदल गया। जब पुलिस पहुंची तो वे सबसे ऊपर के फ्लोर पर थे।

पुलिस को देख वे भौचक रह गए। उन्होंने डीआईयू के इंस्पेक्टर दीपक से पूछा कि क्या बात है? इतनी रात में आए हैं? कुछ हुआ है क्या? वहां मौजूद पप्पू और उनके करीबी प्रेमचंद की इंस्पेक्टर दीपक और अन्य पुलिस अफसर से तीखी नोक-झोंक होने लगी।

सूचना मिलने के बाद उनके समर्थकों की भीड़ उनके आवास और आसपास के इलाकों में पहुंच गई। पुलिस भी पूरी तैयारी के साथ पहुंची थी।

बेहोश होने पर भड़के समर्थक

गिरफ्तार करने आई पुलिस ने पप्पू यादव से कहा, ‘चलिए सर, आपको चलना होगा। कोर्ट का ऑर्डर है।’

इस पर पप्पू यादव ने कहा, ‘मैं रात में कहीं नहीं जाऊंगा। आप सुबह आइएगा फिर चलूंगा। मुझे पहले से ही पता था मैं ऐसे मामले को उठा रहा हूं तो यह सब होना ही था। आप जिसके कहने पर यहां आए हैं, उसे बोल दीजिए मैं रात में नहीं जाने वाला।’

3 घंटे तक वहां चले हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद जब उन्हें गिरफ्तार कर ले जाया जा रहा था तो वे बहोश हो गए। समर्थकों की पुलिस के साथ हाथापाई हो गई। गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव के समर्थक पुलिस की गाड़ी पर सवार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed