Thu. Feb 12th, 2026

मध्य प्रदेश वेदर ठंड का असर बरकरार, 11 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे, नए सिस्टम से फिर बदलेंगे मौसम के मिजाज

इन दिनों मध्य प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। सुबह और रात में ठंड का असर बरकरार है वहीं दिन में तेज धूप निकल रही है। मंगलवार (10 फरवरी 2026) को 15 जिलों में अधिकतम तापमान 30 °C और 11 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 °C से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.4°C खरगोन और नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5°C कल्याणपुर (शहडोल) में रहा।

मौसम विभाग की मानें तो वर्तमान में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके चलते दो-तीन मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। फिलहाल बारिश की भी कोई संभावना नही है। हालांकि 13 और 16 फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं। इससे तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। बुधवार को राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर चंबल अंचल समेत समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। हालांकि सुबह और रात में ठंड का असर देखने को मिलेगा। भोपाल में 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। न्यूनतम तापमान 10 °C के आसपास रह सकता है।

इन जिलों में तापमान 10 °C से नीचे

  • कल्याणपुर (शहडोल) में 4.5°C
  • करौंदी (कटनी) में 5.9 °C
  • अमरकंटक (अनूपपुर) में 7.8 °C
  • खजुराहो (छतरपुर) में 8.2 °C
  • उमरिया / पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 8.4 °C
  • रीवा में 8.5 °C
  • शिवपुरी में 9 °C
  • मंडला में 9.1 °C
  • दतिया में 9.5 °C
  • नौगांव में 9.8 °C

इन जिलों में तापमान 30 °C से ऊपर

भोपाल, इंदौर, सागर, दमोह, खजुराहो, टीकमगढ़, बैतूल, गुना, धार, खंडवा, खरगोन, रायसेन, रतलाम और मंडला में तापमान 30 °C से ऊपर दर्ज किया गया।

  • खरगोन/नर्मदापुरम में 31.4 °C
  • रतलाम में 31.2 °C
  • खंडवा में 31.1 °C
  • बैरसिया (भोपाल) में 30.8 °C
  • धार में 30.7 °C

13 व 16 फरवरी को सक्रिय होंगे नए पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण और एक ट्रफ सक्रिय है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 232 किमी प्रति घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। 13 फरवरी और 16 फरवरी 2026 को दो नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दिन और रात के तापमान में 3 से 4 °C तक गिरावट हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed