3 हजार प्लाटों वाली जीडीए की नई आवासीय योजना जल्द
ग्वालियर मध्यप्रदेश सरकार की आम आदमी के लिये अपना घर की मुहिम को साकार करने के लिये ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) जल्द ही ग्वालियर में एक बड़ी नई आवासीय योजना ला रहा हैं। यह योजना ग्वालियर में निजी कालोनाइजर्स की मनमानी व धोखाखड़ी से आम आदमी को उसके घर का सपना साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी। इस योजना के तहत शुरूआती तौर पर लगभग 2500 से 3 हजार भूखंड बिक्री के लिये जारी किये जा सकते हैं।
मप्र के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की मंशानुसार आम आदमी को उसके निजी घर का सपना साकार करने के लिये ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इसके तहत प्राधिकरण जल्दी ही तीन से चार अन्य नई योजना भी ला रहा हैं। यह योजना अभी प्रारंभिक चरणों में प्रक्रिया में हैं। सबसे पहली योजना प्राधिकरण की टीडीएस 4 आने वाली है। यह योजना शताब्दीपुरम के बाद ग्वालियर विकास प्राधिकरण की दूसरी बड़ी योजना होगी, जिसमें 2500 और 3 हजार के बीच भूखंड आम हितग्राहियों को आवंटित किये जायेंगे।
नोटिफिकेशन पूरे
टीडीएस 4 योजना ग्वालियर विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी योजना है। इसे प्राधिकरण के सीईओ नरोत्तम भार्गव और उनकी टीम ने 15-20 वर्षों से आर्थिक बदहाली से जूझ रहे प्राधिकरण को उबारने के लिये मेहनत कर तैयार किया है। टीडीएस 4 योजना महाराजपुरा विमानतल से शताब्दीपुरम से साडा की ओर 9 किलोमीटर एरिया में बनेगी। योजना के लिये सभी औपचारिकताएं, नोटिफिकेशन आदि पूरे होकर डीपीआर भी बनकर आ गई है, जिसमे जीडीए बोर्ड व शासन से स्वीकृति भी मिल गई हैं।
किसानों से एग्रीमेंट की तैयारी
बोर्ड व शासन की स्वीकृति के बाद प्राधिकरण राजस्व विभाग के साथ सीमांकन का कार्य शुरू कर किसानों से एग्रीमेंट करेगा, फिर सीमा चिन्ह मुडिडयां आदि लगाई जायेंगी। इसी एग्रीमेंट प्रक्रिया के साथ टीडीएस 4 स्कीम में सड़क, सीवर, पानी, बिजली के पोल का प्राथमिक कार्य शुरू होगा।
11 गांवों की जमीन व 9 किलोमीटर का दायरा
टीडीएस 4 स्कीम में एयरपोर्ट व साडा क्षेत्र के पुरानी छावनी होकर 11 गांवों की जमीन आयेगी। जिसकी रोड लंबाई 9 किलोमीटर होगी और 40 मीटर की फोरलेन रोड से टीडीएस 4 स्कीम जुड़ेगी। इस योजना में लखमीपुर, मऊ, विक्रमपुर, अकबरपुर, खालसा, जमाहर, जलालपुर, मालनपुर, गंगापुर, पुरानी छावनी, खेरियामान व रायरू आदि गांवों की जमीन मिलेंगी।
जीडीए प्रगति के पथ पर, आर्थिक बदहाली दूर होगी
ग्वालियर विकास प्राधिकरण के सीईओ नरोत्तम भार्गव बहुत समय से इस योजना की तैयारी कर रहे थे। अब इससे जीडीए जल्दी ही आम आदमी के लिये भूखंड बुकिंग भी शुरू करेगा, जिससे प्राधिकरण के आर्थिक हालात सुधरेंगे। अब जीडीए भी देश के अन्य प्रमुख प्राधिकरणों की तरह आम आदमी को भूखंड व भवन उपलब्ध कराने के लिये अधिक तेजी से कार्य कर सकेगा।
