युवक की ट्रेन में तबीयत बिगड़ी, मौत कोटा स्टेशन पर खून की उल्टियां की; भाई के साथ गोरखपुर जा रहा था
अवध एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक सूरत की एलएनटी कंपनी में हेल्पर का काम करता था।सूरत से अपने घर गोरखपुर जा रहा था। तबीयत खराब होने पर कोटा रेलवे स्टेशन उतरा था। चचेरा भाई एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
युवक की पहचान संदीप कुमार (20) निवासी गोरखपुर के रूप में हुई है। युवक के चचेरे भाई विक्की ने बताया कि संदीप पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था।हालत में सुधार होने पर वे उसे घर छोड़ने के लिए सूरत से निकले थे। सूरत स्टेशन पर भी उसकी तबीयत खराब थी लेकिन दोनों अवध एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हो गए। कोच में ज्यादा भीड़ होने के कारण उसकी हालत और बिगड़ती गई।कोटा पहुंचने पर ट्रेन से उतारकर उसे आराम दिलाने की कोशिश की गई। रविवार शाम को दूसरी ट्रेन से आगे जाने की तैयारी थी।इस दौरान उसकी ज्यादा तबीयत खराब होने पर खून की उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद तुरंत कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल लेकर गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण बीमारी माना जा रहा है।
