एसएससी सीएचएसएल टियर-2 की उत्तर कुंजी और रिस्पांस शीट जारी, 23 अप्रैल तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने 20 अप्रैल 2026 को संयुक्त उच्च माध्यमिक (10+2) स्तरीय परीक्षा 2025 (SSC CHSL Tier-2) की प्रोविजनल उत्तर कुंजी और रिस्पांस शीट जारी कर दी है। जो अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अब अपने लॉगिन क्रेडेंशियल (पंजीकरण संख्या और पासवर्ड) का उपयोग करके अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।
अगर किसी उम्मीदवार को आयोग द्वारा दिए गए किसी उत्तर पर आपत्ति है, तो वे ऑनलाइन माध्यम से अपनी चुनौती पेश कर सकते हैं। इसके लिए विंडो 20 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 (शाम 6:00 बजे) तक खुली रहेगी। प्रत्येक आपत्ति या सवाल को चुनौती देने के लिए उम्मीदवारों को 50 रुपये प्रति प्रश्न का शुल्क देना होगा। अंतिम तिथि के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद आयोग फाइनल आंसर-की और अंतिम परिणाम जारी करेगा। यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी।
- सबसे पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर दिए गए ‘Answer Key’ टैब पर क्लिक करें।
- इसके बाद “SSC CHSL Tier-2 Answer Key 2026” से संबंधित लिंक को चुनें।
- एक नया पेज खुलेगा जहाँ आपको अपना रोल नंबर और पासवर्ड दर्ज करना होगा।
- लॉगिन करते ही आपकी रिस्पांस शीट और आधिकारिक उत्तर आपके सामने होंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे भविष्य के संदर्भ के लिए अपनी रिस्पांस शीट का प्रिंटआउट या पीडीएफ जरूर सुरक्षित रख लें, क्योंकि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद यह लिंक वेबसाइट से हटा दिया जाएगा।
