राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट, बाड़मेर में पारा 46.8 डिग्री पहुंचा; मौसम विभाग की चेतावनी जारी
राजस्थान
देश के कई राज्यों में 11 मई को भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है, तो वहीं राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का सितम शुरू हो चुका है। मौसम केंद्र जयपुर ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि राज्य के कई इलाकों में पारा तेजी से बढ़ेगा और आने वाले दिन और भी कष्टदायक हो सकते हैं। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में फिलहाल तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बाड़मेर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
रविवार को बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और भी बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे रातें भी गर्म रहेंगी।
जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले 4-5 दिनों तक भीषण हीटवेव और गर्म रात का अनुमान है। यहां लू के थपेड़े लोगों को बेहाल करेंगे। वहीं, कोटा और आस-पास के इलाकों में तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। यहां भी कुछ स्थानों पर हीटवेव की चेतावनी दी गई है। आगामी 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
आंधी और बूंदाबांदी की भी संभावना
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरी लेकिन धूल भरी चेतावनी भी दी है। अगले 48 घंटों में उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे उमस बढ़ सकती है।
