‘है जवानी तो इश्क होना है’ का कॉमेडी से भरपूर ट्रेलर रिलीज, वरुण धवन को देख फैंस बोले- आ रही है ब्लॉकबस्टर
वरुण धवन की मचअवेटेड फिल्म है जवानी तो इश्क होना है का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म के बारे में अब तक जितनी भी जानकारी सामने आई है उससे यह लग रहा है कि यह रोमांटिक कॉमेडी ब्लॉकबस्टर साबित होने वाली है। फिल्म के इंतजार के बीच अब फैंस के लिए मजेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।
फिल्म का ट्रेलर काफी शानदार नजर आ रहा है। इसमें वरुण के साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर नजर आने वाले हैं। इतना ही नहीं जिमी शेरगिल की झलक फिल्म में दिखाई देने वाली है। वरुण को दोनों एक्ट्रेस के साथ रोमांस करते हुए देखा जाएगा। फिल्म में जमकर कॉमेडी, कन्फ्यूजन और ट्विस्ट देखने को मिलने वाला है। झलक ट्रेलर में दिखाई दे रही है।
है जवानी तो इश्क होना है का ट्रेलर रिलीज
जो ट्रेलर सामने आया है उसे देखकर अक्षय कुमार की फिल्म गरम मसाला की याद फैंस को आने लगी है। हालांकि, ये काफी धमाकेदार लग रहा है। इस ट्रेलर में दिखाया गया है कि वरुण धवन मृणाल ठाकुर से बहुत प्यार करते हैं और पिता बनना चाहते हैं। उन्हें बच्चा चाहिए लेकिन मृणाल तैयार नहीं है। दूसरी तरफ वरुण की मुलाकात पूजा से होती है और दोनों का अफेयर शुरू हो जाता है। इसके बाद वरुण को मृणाल और पूजा दोनों से खुशखबरी मिलती है कि वो प्रेग्नेंट हैं। बस इसके बाद फिल्म में जबरदस्त कॉमेडी, ट्विस्ट और कन्फ्यूजन शुरू हो जाता है। इसमें राकेश बेदी, जिमी शेरगिल और मनीष पॉल भी अपनी शानदार कॉमेडी और डायलॉग का तड़का लगाते दिखाई देंगे। \
सलमान के कैमियो की मांग
जब से फैंस ने फिल्म का ट्रेलर देखा है, वह दीवाने हो गए हैं और कहने लगे हैं कि एक और ब्लॉकबस्टर आ रही है। ट्रेलर में सलमान खान के हिट गाने चुनरी का रीमिक्स भी देखने को मिल रहा है। यह फैंस को बहुत पसंद आ रहा है और वो डिमांड करने लगे हैं की फिल्म में सलमान का कैमियो जरूर होना चाहिए। राकेश बेदी की मौजूदगी भी उन्हें एक्साइटेड कर रही है।
कब आएगी फिल्म
है जवानी तो इश्क होना है 5 जून 2026 को थिएटर में रिलीज की जाएगी। डेविड धवन के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में अली असगर, कुब्रा सैत, चंकी पांडे, मौनी रॉय और राजेश कुमार जैसे सितारे भी नजर आने वाले है। फैंस को बेसब्री से इस कॉमेडी फिल्म का इंतजार है।
