Mon. May 25th, 2026

सिटी सेंटर के स्पा सेंटरों और पड़ाव के होटलों में अचानक पहुंची पुलिस, चेकिंग की

ग्वालियर। स्पा सेंटरों और होटलों की आड़ में होने वाली अनैतिक गतिविधियों और संदिग्ध देह व्यापार के धंधों पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए पुलिस रविवार को पूरी मुस्तैदी के साथ उतरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव के कड़े आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीमों ने शहर के नामचीन सेंटरों और होटलों में औचक चेकिंग की। इस कार्रवाई से स्पा संचालकों और संदिग्धों में हड़कंप मच गया। इस विशेष धरपकड़ और चेकिंग अभियान को अमलीजामा पहनाने के लिए उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा शाखा) शिखा सोनी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था।
थाना प्रभारी बिलौआ इला टंडन, महिला थाना प्रभारी रश्मि भदौरिया, उप निरीक्षक ज्योति शर्मा, सउनि लोकेंद्र शर्मा, प्रधान आरक्षक दीवान सिंह, आरक्षक मनोज शर्मा, आरक्षक अंकुर शर्मा और महिला आरक्षक काजल जादौन समेत महिला थाने का भारी पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस टीम ने सिटी सेंटर के विभिन्न स्पा सेंटरों में अचानक घुसकर वहां मौजूद स्टाफ, केबिन और ग्राहकों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। पड़ाव क्षेत्र में स्थित होटल बीएनके पैलेस में भी पुलिस ने कमरों और आने-जाने वालों के रिकॉर्ड की स्क्रूटनी की। शहर के इस प्रमुख केंद्र पर भी अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को कुछ जगहों पर रिकॉर्ड में कमियां मिलीं, जिस पर अधिकारियों ने संचालकों की क्लास ली और कड़े निर्देश जारी किए। होटल संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे आने-जाने वाले हर मुसाफिर का सही एंट्री रजिस्टर मेंटेन (संधारण) करें और बिना पुख्ता आईडी कार्ड के किसी को भी कमरा न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *