Tue. May 26th, 2026

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई,अवैध खनन माफियाओं में मचा हड़कंप

कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 3 जेसीबी मशीनें और 16 ट्रैक्टर वाहन जब्त किए गए। यह अभियान कलेक्टर के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन, के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर रेत, गिट्टी और मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान डौकागुड़ा से 1 ट्रैक्टर, विजयपुर से 2 ट्रैक्टर तथा सुतर्रा से 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। आमाखोखरा क्षेत्र में ईंट से भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया, जबकि ग्राम बिंझरा में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते 2 जेसीबी मशीनों को जब्त किया गया।

इसी प्रकार पौड़ी क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते 4 ट्रैक्टर पकड़े गए। डुमरकछार क्षेत्र में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते 2 ट्रैक्टर एवं 1 जेसीबी मशीन पर कार्रवाई की गई। सभी जब्त वाहनों को नियमानुसार जिले के विभिन्न पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।

यह कार्रवाई उड़नदस्ता दल प्रभारी खनि निरीक्षक मदन साहू एवं सुभाष ठाकुर के नेतृत्व में की गई। खनिज विभाग के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा राजस्व क्षति को रोकना है।

विभाग ने बताया कि अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *