Fri. May 29th, 2026

तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, मंत्रियों के साथ करेंगे बैठक

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुँच गए हैं। दरअसल प्रदेश कोर कमेटी की बैठक प्रारंभ हो गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक जारी है। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति, सरकार एवं संगठन के मध्य समन्वय पर गहन मंथन होगा।

दरअसल भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार 28 मई, 2026 को शाम देहरादून पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला उत्तराखंड दौरा है। पार्टी संगठन में विशेष उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक उनके स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक ढंग से उनका भव्य स्वागत किया।

भाजपा अध्यक्ष उत्तराखंड के मंत्रियों के साथ अलग से बैठक करेंगे

देहरादून पहुँचते ही नितिन नबीन सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय गए। वहाँ प्रदेश कोर कमेटी की बैठक शुरू हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीति तथा सरकार एवं संगठन के बीच समन्वय पर गहन मंथन होगा। कोर कमेटी की बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष उत्तराखंड के मंत्रियों के साथ अलग से बैठक करेंगे। यह बैठक राज्य सरकार एवं पार्टी संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

आज पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बीसी खंडूड़ी के आवास जाएंगे

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शुक्रवार 29 मई, 2026 को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बीसी खंडूड़ी के आवास जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके उपरांत राजपुर रोड स्थित होटल में दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। सांसदों एवं विधायकों के साथ बैठक होगी। इस बैठक में राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों एवं आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा होगी। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने एवं आगामी चुनावों की रणनीति पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। संगठन की जमीनी स्थिति एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर भी विचार-विमर्श होगा।

शाम को नितिन नबीन ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुँचेंगे। वहाँ वे गंगा आरती में भाग लेंगे। संतों के साथ संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम पार्टी की सांस्कृतिक विचारधारा एवं जनसंपर्क अभियान का हिस्सा है। भाजपा इस दौरे को संगठनात्मक एवं सांस्कृतिक दोनों दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। संगठन का संदेश बूथ स्तर तक पहुँचाने की रणनीति पर भी जोर दिया जाएगा।

उत्तराखंड दौरे के तीसरे एवं अंतिम दिन शनिवार 30 मई, 2026 को भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके पश्चात एक बूथ अध्यक्ष के घर जलपान करेंगे। वे बूथ समिति की बैठक में शामिल होंगे। यह कदम पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इसके उपरांत नितिन नबीन शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में एक कॉन्क्लेव में भाग लेंगे। मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। शाम को वे वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगे। यह दौरा भाजपा के आगामी चुनावी अभियान के लिए महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed