Fri. May 29th, 2026

उमंग सिंघार ने भोपाल के हमीदिया अस्पताल पर उठाए सवाल, कहा “स्वास्थ्य व्यवस्था मरीजों के लिए डर और प्रदेश के लिए शर्म का विषय बनी

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था अब इलाज नहीं, बल्कि “डर और शर्म” का विषय बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि एक ओर हमीदिया अस्पताल की मोर्चरी के बाहर शव की सिलाई का वीडियो वायरल हो रहा है वहीं दूसरी ओर अस्पताल के बर्न यूनिट में 90 प्रतिशत तक जले मरीजों की सर्जरी बिना एसी के सिर्फ कूलर की हवा में की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बर्न वार्ड के एसी पिछले करीब छह महीने से बंद पड़े हैं, जिससे संक्रमण का खतरा लगातार बना हुआ है।

उमंग सिंघार ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल 

उमंग सिंघार ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने भोपाल के हमीदिया अस्पताल में बदइंतजामी का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि डॉक्टर खुद मानते हैं कि बर्न यूनिट में एयर कंडीशनिंग कोई “लक्ज़री” नहीं बल्कि गंभीर रूप से जले मरीजों के लिए जीवनरक्षक व्यवस्था होती है। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि करोड़ों रुपये विज्ञापनों, आयोजनों और छवि सुधारने पर खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।

स्वास्थ्य मंत्री से किए सवाल 

नेता प्रतिपक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री पर भी निशाना साधा और कहा है कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह लापरवाही और अव्यवस्था का शिकार हो चुका है। उन्होंने कहा कि जहां मरीजों को सुरक्षित इलाज मिलना चाहिए, वहां अमानवीय तस्वीरें सामने आ रही हैं। उनका कहना था कि यदि राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की यह स्थिति है तो बाकी जिलों के अस्पतालों की हालत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। ये कोई पहली बार नहीं है जब हमीदिया अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हों। अस्पताल में एसी और बुनियादी सुविधाओं की कमी का मामला पहले भी सामने आता रहा है। एक बार फिर कांग्रेस ने इसे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed