Sat. May 30th, 2026

बिहार में बस यात्रियों की जेब पर बढ़ा बोझ, 1 जून से महंगा होगाा अब सफर, जानिए कितना बढ़ेगा किराया

बिहार में बसों से सफर करना अब और महंगा पड़ेगा। दरअसल राज्य सरकार ने बसों के किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। परिवहन विभाग ने शुक्रवार को इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। यानी कि बिहार के लोगों को अब बस में यात्रा करने के लिए अपनी जेबें ढीली करनी पड़ेंगी। यह किराया वृद्धि 1 जून से लागू होगी।

दरअसल बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने यह फैसला लिया है। अधिसूचना में साफ कहा गया है कि पिछले कुछ समय से डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हुआ है। इसके साथ ही बसों के परिचालन खर्च में भी बढ़ोतरी हुई है। इन्हीं सब कारणों को देखते हुए किराए का पुनर्निर्धारण किया गया है। सरकार ने साधारण बसों से लेकर डीलक्स और एसी बसों तक, सभी श्रेणियों के किराए में बढ़ोतरी की है।

कितना किराया ज्यादा देना पड़ेगा?

वहीं अब बात करते हैं नए किराए की तो साधारण बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अब ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। अगर आप 50 किलोमीटर तक की यात्रा करते हैं, तो प्रति किलोमीटर 1.73 रुपये का किराया देना होगा। पहले यह किराया 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर था। इसी तरह, 100 किलोमीटर तक की दूरी तय करने पर प्रति किलोमीटर 1.71 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। वहीं, 300 किलोमीटर से अधिक की लंबी दूरी के लिए 1.65 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया वसूला जाएगा।

डीलक्स बस सेवा में भी बढ़ेगा किराया

डीलक्स बस सेवा में भी यात्रियों को अब अधिक किराया चुकाना होगा। 50 किलोमीटर तक का सफर करने पर प्रति किलोमीटर 1.96 रुपये के हिसाब से किराया तय किया गया है। अगर आप 100 किलोमीटर तक की यात्रा करते हैं, तो 1.94 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया देना होगा।

एसी बसों में यात्रा करने वालों के लिए भी सफर महंगा हो गया है। 50 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए नया किराया 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है। इसके अलावा, 100 किलोमीटर तक सफर करने पर 2.28 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया लगेगा। ये नई दरें केवल सरकारी बसों पर ही नहीं, बल्कि निजी बस संचालकों पर भी लागू होंगी। यानी निजी बसें भी इन्हीं बढ़ी हुई दरों पर किराया वसूलेंगी।

कड़ी निगरानी के दिए गए निर्देश

सरकार ने किराया बढ़ोतरी के साथ ही एक चेतावनी भी जारी की है। जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नई किराया व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखें। यदि कोई बस संचालक तय किराए से अधिक राशि वसूलता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम यात्रियों को मनमाने किराए से बचाने के लिए उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed